3 पिस्टल, 5 मौतें, एक ही कमरे में खत्म हुआ पूरा परिवार, खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, सभी के सिर में थे गोली के निशान

saharanpur 2

मौके पर भारी पुलिस बल जांच पड़ताल के लिए पहुंचा / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

3 पिस्टल, 5 मौतें, एक ही कमरे में खत्म हुआ पूरा परिवार, खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, सभी के सिर में थे गोली के निशान

 

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) | सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब कौशिक विहार कॉलोनी स्थित एक मकान के भीतर राजस्व अधिकारी और उनके परिवार के चार सदस्यों के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.

सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. घर को सील कर मामले की गहन जांच शुरू की गई.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी के एक मकान के अंदर पांच शव पड़े हैं. उन्होंने कहा, “पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की गई.”

मृतक की पहचान अशोक राठी के रूप में हुई जो राजस्व विभाग में अधिकारी थे. उनके शव के साथ ही उनकी मां, पत्नी और दो बेटों के शव भी उसी कमरे में मिले. सभी के सिर में गोली लगने के निशान हैं. मौके से तीन पिस्टल भी बरामद हुई हैं.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि पांचों की मौत गोली लगने से हुई है. अशोक राठी के स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है.

फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है और साक्ष्य जुटा रही है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है जिसमें हत्या के बाद आत्महत्या (मर्डर-सुसाइड) की आशंका भी शामिल है. हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है.

स्थानीय लोगों ने परिवार को शांत स्वभाव का बताया है. एक पड़ोसी ने कहा, “परिवार का व्यवहार सामान्य था और किसी से कोई विवाद नहीं था.”

फिलहाल किसी ठोस सुराग के अभाव में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!