सोसाइटी में अध्यक्ष पद को लेकर हुआ विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे
नोएडा | नोएडा की हाई राइज सोसाइटीज से एक के बाद एक कई घटनाएं सामने आ रही हैं. गुरुवार रात भी सेक्टर 78 स्थित हाइड पार्क सोसायटी (Hyde Park Society) अपॉर्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई.
आरोप है की इस दौरान एक पक्ष की तरफ से सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स ने भी डंडे बरसाए. इसमें दो महिलाएं घायल हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया.
कोतवाली सेक्टर 113 पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सोसाइटी में अध्यक्ष पद को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है. पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी सामने आ चुकी है. रात में सोसाइटी में अध्यक्ष पद को लेकर बातचीत चल रही थी. इसी दौरान पुष्पेंद्र और दिनेश नेगी पक्ष के बीच कहासुनी हो गई.
#ViralVideos
Fight between security guards and residents in Noida’s High Rise Society Sec-78. 2 women have suffered minor injuries.#Noida #UttarPradesh #viralvideo #viral #FridayFeeling #WWERaw pic.twitter.com/UUf4U1Om3u— Rakesh Arora (@Rakesh14_Arora) October 21, 2022
आरोप है कि सोसाइटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स ने दिनेश नेगी के पक्ष में लोगों के साथ मारपीट की. इससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस ने मामला शांत करवाया.
पुलिस ने बताया कि 2 सिक्योरिटी गार्ड्स को हिरासत में लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. मारपीट में शामिल लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी.
ians
