दिल्ली एनसीआर से आवारा कुत्तों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दी प्रतिक्रिया….

Rahul Gandhi IANS (3)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कड़ी आपत्ति जताई है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को हटाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय और विज्ञान-समर्थित नीति से एक कदम पीछे है. ये बेजुबान कोई समस्या नहीं हैं, जिन्हें मिटाया जा सके. आश्रय, नसबंदी, टीकाकरण और सामुदायिक देखभाल से सड़कों को सुरक्षित रखा जा सकता है, बिना क्रूरता के.”

उन्होंने आगे कहा कि सभी कुत्तों को एक साथ हटाना न केवल अमानवीय है, बल्कि यह दूरदर्शिता की कमी और हमारी करुणा को खत्म करने वाला कदम है. हम जन सुरक्षा और पशु कल्याण को एक साथ सुनिश्चित कर सकते हैं.

इसके खिलाफ कई पशु-प्रेमी और नेता सामने आए हैं. पर्यावरणविद और पूर्व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने इसे ‘देश के दिल के खिलाफ’ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है. वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसे ‘अमानवीय और क्रूर’ बताया है.

मेनका गांधी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, “यह बिल्कुल गलत है, यह देश के दिल के खिलाफ है. हम ऐसे नहीं हैं कि जिसे नहीं चाहा, उसे उठा कर फेंक दें. अगर कल को किसी को बीमारी है, जैसे टीबी या एड्स, तो क्या हम कह देंगे कि हमें नहीं चाहिए? हम सबके साथ रहते हैं, यह दुनिया का सबसे दयालु देश है और यह फैसला उस भावना के खिलाफ है.”

उन्होंने आगे चेतावनी दी कि दिल्ली से 3 लाख कुत्तों को हटाने पर महज 48 घंटों में फरीदाबाद, गाजियाबाद और बवाना से उतनी ही संख्या में कुत्ते आ जाएंगे. उन्होंने कहा कि अगर कुत्तों को हटाने में एक हफ्ता भी लग गया, तो सारे बंदर नीचे आ जाएंगे और घरों में घुसकर काटेंगे. यह समस्या का हल नहीं है बल्कि और मुश्किलें बढ़ाएगा. मेनका गांधी ने आगे कहा कि वे इस आदेश के खिलाफ अपील करेंगी और दावा किया कि पूरा देश इस फैसले के खिलाफ है.


बता दें कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर चिंता जाहिर की थी. कोर्ट ने नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) और न्यू दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (एनडीएमसी) को तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आवारा कुत्तों को पकड़ने और हटाने का निर्देश दिया है. यह फैसला बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है जो इन कुत्तों के हमले और रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी के शिकार हो रहे हैं.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!