जांच एजेंसियों के हाथ आई ज्योति मल्होत्रा की डायरी, क्या-क्या लिखा है इसमें?

Jyoti Malhotra 6 1 (1)
The Hindi Post

हिसार | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस रिमांड बुधवार को खत्म हो रही है. पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी. इस बीच, जांच एजेंसियां ज्योति से लगातार पूछताछ और सबूत जुटाने में लगी हुई हैं.

सूत्रों के अनुसार, पुलिस रिमांड के दौरान ज्योति से फंडिंग सोर्स और उसके विदेशी संपर्कों के बारे में गहन पूछताछ की गई. उसके पास से मिली एक डायरी में उसके निजी विचार लिखे मिले और उसकी यात्रा से जुड़े डिटेल्स भी वहां दर्ज थे. इस डायरी में आठ पेज अंग्रेजी में और तीन पेज हिंदी में लिखे गए हैं जिनमें पाकिस्तान की यात्रा और अनुभवों का जिक्र है.

ज्योति ने डायरी में लिखा है, “पाकिस्तान से दस दिन का सफर तय करके आज अपने देश भारत लौट रही हूं. इस दौरान वहां के लोगों से मोहब्बत मिली. लाहौर घूमने का मौका मिला. समय कम था लेकिन अनुभव खास रहा. दिलों की दूरियां मिटें, यही दुआ है.”

ज्योति ने यह भी लिखा है कि पाकिस्तान सरकार को भारत के श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों और गुरुद्वारों के रास्ते खोलने चाहिए ताकि 1947 में बिछड़े परिवार आपस में मिल सकें.

ज्योति की कई विदेश यात्राएं और सोशल मीडिया पर अपलोड की गई वीडियोज भी जांच के घेरे में हैं. उसकी बाली ट्रिप की एक वीडियो में लाखों रुपए खर्च होने का जिक्र किया गया है. सुरक्षा एजेंसियां इस फंडिंग की जांच कर रही हैं.

कश्मीर, लद्दाख, गुलमर्ग, डल झील, पैंगोंग लेक समेत कई संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों के वीडियो उसके अकाउंट्स पर मिले हैं. सूत्रों के अनुसार, इन वीडियोज में बीएसएफ की मूवमेंट, रडार लोकेशन और हाई सिक्योरिटी जोन के दृश्य शामिल हैं.

इसके साथ ही पुलिस ने एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया है जिसे फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेजा गया है. क्लाउड स्टोरेज से कई संवेदनशील वीडियोज बरामद हुए हैं. कॉल डिटेल्स में एक अंतर्राष्ट्रीय नंबर और दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग से जुड़े संपर्क भी मिले हैं.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ज्योति के द्वारा कश्मीर में बनाए गए वीडियो में ओडिशा की प्रियंका सेतुपति भी नजर आ रही है जिससे एजेंसियां पूछताछ कर चुकी हैं. ज्योति के पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से संपर्क और चीन के वीजा को लेकर बातचीत वाले वीडियो भी सामने आए हैं.

इस मामले में कुरुक्षेत्र (हरि.) निवासी हरकीरत से भी पूछताछ हुई थी जिसे बाद में छोड़ दिया गया था.

एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि क्या ज्योति ने ये वीडियोज अनजाने में बनाए थे या किसी के कहने पर.

वहीं, परिवार ने भी अब ज्योति से दूरी बना ली है. उसके पिता ने घर से उसकी सभी तस्वीरें हटा दी हैं.

परिजनों के अनुसार, वह हिसार में कभी-कभार दोस्तों के पास जाती थी लेकिन घर पर कोई नहीं आता था.

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ज्योति के सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम) पर भारत के सीमावर्ती इलाकों के वीडियो पोस्ट किए गए थे.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या ज्योति का संबंध किसी आतंकी साजिश से भी था खासतौर पर पहलगाम में हुए हमले के संदर्भ में.

जांच अभी जारी है तथा आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!