उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट, इस जिले में कल स्कूल रहेंगे बंद
फोटो: आईएएनएस
उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट, इस जिले में कल स्कूल रहेंगे बंद
देहरादून | भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने टिहरी गढ़वाल में 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इस क्रम में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है.
जारी आदेश के अनुसार, जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थान एवं आंगनबाड़ी केंद्र 20 जुलाई, 2026 को पूर्णतः बंद रहेंगे. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधनों एवं प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया हैं.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है तो संबंधित प्रधानाचार्य/प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वर्षा के दौरान नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें.
आईएएनएस
उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट, टिहरी गढ़वाल में 20 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी
