लोक सभा टिकट नहीं मिला तो सांसद ने ऑफिस से अपने नेता की तस्वीर हटा के लगाई प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर
कोलकाता | आगामी लोक सभा चुनाव के लिए बैरकपुर (पश्चिम बंगाल) से सांसद अर्जुन सिंह को तृणमूल कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने मंगलवार को अपने दफ्तर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें हटा दी.
बता दे कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी थी. वह भाजपा के टिकट पर बैरकपुर से चुनाव लड़े थे और जीते भी थे. हालांकि, 2022 में उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी यानि तृणमूल में वापसी कर ली थी. वह तृणमूल में शामिल हो गए थे.
अब सिंह ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरों के स्थान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्ताक्षर वाली तस्वीरें लगा दी हैं. उन्होंने इशारा दिया है कि वह दोबारा भाजपा में शामिल होंगे.

सिंह ने दावा किया कि यह तस्वीर उन्हें खुद प्रधानमंत्री ने उपहार में दी थी.
उन्होंने यह भी कहा कि बैरकपुर से उन्हें नामांकित न करके तृणमूल नेतृत्व ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब उनकी पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) में कोई जगह नहीं हैं.
उन्होंने कहा, ”मेरी (पार्टी से) कोई विशेष मांग नहीं थी. मैंने फिर से तृणमूल में शामिल होकर अनावश्यक रूप से 18 महीने बर्बाद कर दिए.”
बता दे कि सिंह के बेटे पवन सिंह भाटपारा से भाजपा विधायक हैं. भाटपारा – बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत सात सीटों में से एक है.
राज्य के सिंचाई मंत्री पार्थ भौमिक, जिन्हें इस बार तृणमूल कांग्रेस ने बैरकपुर से मैदान में उतारा है, ने कहा कि अगर सिंह बार-बार अपनी राजनीतिक संबद्धता बदलते रहेंगे तो बैरकपुर के लोगों के बीच उनकी विश्वसनीयता खत्म हो जाएगी.
हालांकि, बंगाल भाजपा के नेता अभी यह नहीं जानते कि सिंह को पार्टी में दोबारा लिया जाएगा या नहीं.
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ”इस संबंध में कोई भी निर्णय दिल्ली में पार्टी आलाकमान लेगी.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
