पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति के किए दो टुकड़े, धड़ जलाया और 10 किमी दूर गाड़ दिया सिर, विभत्स हत्याकांड के खुलासे ने उड़ाए सबके होश
प्रतीकात्मक फोटो
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति के किए दो टुकड़े, धड़ जलाया और 10 किमी दूर गाड़ दिया सिर, विभत्स हत्याकांड के खुलासे ने उड़ाए सबके होश
झारखंड की राजधानी रांची से अवैध संबंधों के चलते एक पत्नी द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है. आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पहले शख्स का गला रेता, फिर पहचान छुपाने के लिए उसका धड़ जला दिया और सिर को 10 किलोमीटर दूर जंगल में जमीन के नीचे गाड़ दिया. वारदात के 17 दिन बाद पुलिस ने मृतक का सिर बरामद कर मामले का पर्दाफाश कर दिया है.
मृतक का नाम संजय लोहरा था. उसका धड़ पुलिस को 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के महादेव टांड़ की झाड़ियों से बिना सिर और अधजली हालत में मिला था. शव की कलाई पर गुदे नाम से उसकी पहचान हुई थी. डीएसपी ओम प्रकाश ने मीडिया को बताया कि तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल (FSL) की मदद से पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है. इस वारदात में कुल चार लोग शामिल थे जिनमें से मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.
पुलिस जांच में सामने आया कि संजय की पत्नी का नीचे टोला के एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. संजय द्वारा इसका विरोध करने पर पत्नी ने कथित तौर पर प्रेमी संग मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. 18 जून को शादी में रसोइया का काम करने वाली पत्नी ने संजय से सोनाहातू में एक समारोह में चलने का आग्रह किया. लौटते समय सोनाहातू-बुंडू बॉर्डर के पास पत्नी ने शौच के बहाने बाइक रुकवाई.
तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी और उसके दो साथियों ने संजय पर लाठी-डंडो से हमला कर उसे अचेत कर दिया. इसके बाद वे उसे कार में डालकर महादेव टांड़ ले गए जहां धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए धड़ को वहीं फूंक दिया और सिर को कार से 10 किलोमीटर दूर सुंदरडीह रानी वन के जंगल में दफना दिया. पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल कार और अन्य सामग्रियां बरामद कर ली हैं.
फिलहाल पूरे मामले में गहन जारी है. इस हत्याकांड ने लोगों में सिरहन पैदा कर दी है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
