सेना का वाहन गहरी खाई में गिरा, तीन जवानों की गई जान
जम्मू | जम्मू एवं कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन जवानों की मौत हो गई. सेना की एक गाड़ी गहरी खाई में गिर गई और हादसे का शिकार हो गई.
एक अधिकारी ने बताया, “आज जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में बैटरी चश्मा के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में जा गिरा. तीन सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई. बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया.”
पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
पिछले पखवाड़े से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग रामसू-रामबन खंड में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण बंद रहा है. कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़क बह गई है.
बता दें कि राजमार्ग की मरम्मत कर उसे यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है लेकिन इसके बाद भी 40 किलोमीटर से अधिक लंबा रामबन-रामशू खंड लगभग 300 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण राजमार्ग की कमजोर कड़ी बना हुआ है.
Ramban, Jammu and Kashmir: An accident took place at Battery Chasma on NH44, involving an Army vehicle that rolled into a deep gorge. Police, SDRF, Civil Quarter, and Army teams responded promptly, and a rescue operation is currently underway pic.twitter.com/lZm3yg6JQT
— IANS (@ians_india) May 4, 2025
भूमि से घिरी घाटी के लिए सेना और सभी नागरिक आपूर्ति इसी राजमार्ग से होकर गुजरती है. इस रणनीतिक राजमार्ग के अस्थायी रूप से बंद होने से घाटी में पेट्रोलियम उत्पादों, खाद्य पदार्थों आदि समेत तमाम जरुरी वस्तुओं की कमी हो जाती है.
इस दुखद घटना ने दिसंबर 2024 के पुंछ हादसे की याद दिला दी है. जम्मू कश्मीर के पुंछ में दिसंबर 2024 में मेंढर सब डिविजन के बलनोई क्षेत्र में भारतीय सेना का वाहन गहरी खाई में गिर गया था. तब 5 जवानों की मौत हो गई थी और 5 गंभीर रूप से घायल हुए थे. सेना का वाहन तब 300 फीट की गहरी खाई में गिर गया था.
