राम रहीम को फिर मिली पैरोल, हरियाणा की भाजपा सरकार ने की मंजूर

Gurmeet Ram Rahim Singh

गुरमीत राम रहीम सिंह (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

चंडीगढ़ | 40 दिन की पैरोल मिलने के पांच महीने से भी कम समय बाद, जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को गुरुवार को भाजपा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने 30 दिनों की फिर से पैरोल दे दी.

पैरोल मिलने के बाद राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरवाना स्थित अपने डेरे पर पहुंचा. पिछली बार पैरोल मिलने पर राम रहीम इसी डेरे पर रहा था.

2002 में अपने मैनेजर की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा राम रहीम 2017 में दो महिलाओं के बलात्कार के लिए भी दोषी ठहराया गया था और 2017 से वह हरियाणा की सुनारिया जेल में बंद है.

राम रहीम के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में फॉलोअर हैं जो उसे ‘भगवान’ मानते हैं. उसे पांच बार जेल से पैरोल मिली है, जिसमें बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल मिलना शामिल है.

फैसले को सही ठहराते हुए एक अधिकारी ने कहा कि राम रहीम को जेल मैनुअल के मुताबिक पैरोल दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, डेरा प्रमुख को “खालिस्तान समर्थक” समूहों से खतरे की आशंका को देखते हुए पैरोल के दौरान जेड-प्लस सुरक्षा कवर दिया गया है.

राम रहीम को दो महिलाओं से बलात्कार के आरोप में अगस्त 2017 में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई थी.

जनवरी 2019 में पंचकुला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 16 साल पहले पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के मामले में राम रहीम और तीन अन्य को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. 25 अगस्त, 2017 को राम रहीम को हुई उसकी सजा के कारण पंचकुला और सिरसा में हिंसा हुई थी जिसमें 41 लोग मारे गए थे और 260 से अधिक घायल हो गए थे.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!