बेहद खौफनाक: चांदी के कड़े लूटने के लिए महिला के पैर काटकर किए अलग, इलाके में जबरदस्त सनसनी

RAJASTHAN MURDER 2
The Hindi Post

बेहद खौफनाक: चांदी के कड़े लूटने के लिए महिला के पैर काटकर किए अलग, इलाके में जबरदस्त सनसनी

 

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में सोना-चांदी के गहनों के लालच में एक महिला की बेहद बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. यह घटना बौंली थाना क्षेत्र के कोडयाई गांव की है. यहां अज्ञात लुटेरों ने एक महिला की हत्या कर उसके कीमती गहने लूट लिए. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्सा है.

जानकारी के अनुसार कोडयाई गांव निवासी करीब 60 वर्षीय कमला देवी बकरी चराने के लिए गांव के पास जंगल में गई थीं. शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. महिला का बेटा जब गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचा तो वहां मां का शव पड़ा मिला. मौके पर महिला के दोनों पैर कटे हुए थे और गला रेता हुआ था.

बताया गया है कि लुटेरों ने महिला के पैरों में पहने करीब ढाई किलो वजनी चांदी के कड़े लूटने के लिए पहले दोनों पैर काटे और फिर गला रेतकर हत्या कर दी. महिला के गले में चांदी की चेन, कानों में सोने के कुंडल, नाक में सोने की नथ और गले में सोने का जंतर था. लुटेरे सभी गहने लेकर फरार हो गए. अनुमान के मुताबिक लूटी गई चांदी के कड़ों की कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये और करीब पांच तोला सोने की कीमत साढ़े सात लाख रुपये बताई जा रही है. कुल मिलाकर 13 से 14 लाख रुपये के गहने लूटे गए हैं. बताया जा रहा है कि सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. बौंली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नील कमल मीना और थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुख्य सड़क पर जाम भी लगाया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और एफएसएल टीम को बुलाया गया है. जांच के बाद शव को बौंली अस्पताल भेजा जाएगा. पुलिस अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुटी है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!