राजा रघुवंशी की मौत के दो महीने बाद भाई सचिन ने सरकार से की अपील, जताई इस बात की आशंका…..

sachin raghuvanshi

राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

मध्य प्रदेश के इंदौर में मृतक राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने मीडिया से बात करते हुए भावुक अपील की है. उन्होंने कहा कि जिन आरोपियों को जमानत दी गई है, उनसे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है. सचिन ने शिलांग सरकार से अपील करते हुए कहा कि बाकी आरोपियों को जमानत न दी जाए. सचिन रघुवंशी ने कहा कि उनका परिवार डर और असुरक्षा में जी रहा है. वह अपने भाई राजा रघुवंशी के हत्यारों को सजा दिलाकर ही रहेंगे. इसके लिए अगर उन्हें घर की एक-एक ईंट भी बेचनी पड़ी तो भी पीछे नहीं हटेंगे.

सचिन रघुवंशी ने कहा कि अगर हमारे घर में कुछ भी होता है तो इसका जिम्मेदार राज और गोविंद का परिवार होगा. मेरे घर में अगर कुछ होता है, किसी का एक्सीडेंट या कोई मरता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी इन लोगों की होगी, क्योंकि अब इन लोगों की जमानत हो गई होगी. इन लोगों को पता चल गया है कि हत्या करना कोई बड़ी बात नहीं है.

सचिन ने कहा कि राज और गोविंद का परिवार बोलता था कि राज, सोनम को राखी बांधती है, लेकिन आज दो महीने हो गए हैं और ये लोग एक राखी बांधने का एक फोटो तक नहीं दिखा पाए हैं. गोविंद ने इसलिए झूठ बोला कि उसे इस बात का डर है कहीं नार्को टेस्ट हो गया तो उसके पूरे परिवार का कच्चा चिट्ठा खुल जाएगा. सचिन ने मेघालय सरकार से अपील की है कि उन लोगों को जमानत न दें.

बता दें कि राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को पूनम रघुवंशी से हुई थी. 20 मई को वह अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ हनीमून पर शिलांग गया था. इसके बाद दोनों रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए थे. 2 जून को राजा का शव शिलांग की एक घाटी में मिला था. इसके बाद 9 जून को सोनम रघुवंशी गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) में मिली थी.

पुलिस की जांच में सामने आया कि राजा की हत्या एक साजिश के तहत की गई थी, जिसमें उसकी पत्नी सोनम भी शामिल थी. पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया था. इनमें से तीन को जमानत मिल चुकी है, जबकि पांच अभी हिरासत में हैं. अब पीड़ित परिवार को आशंका है कि अगर बाकी आरोपी भी छूट गए तो जांच प्रभावित हो सकती है और परिवार की जान को खतरा बढ़ जाएगा. राजा के भाई सचिन ने साफ कहा कि यह लड़ाई वो आखिरी दम तक लड़ेंगे.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!