राहुल गांधी ने जन्मदिन पर कांग्रेस दफ्तर में काटा केक, खड़गे, प्रियंका समेत कई नेताओं ने दी बधाई, VIDEO
नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में अपना 54वां जन्मदिन मनाया. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस दफ्तर में राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन समेत कई नेताओं की मौजूदगी में अपना बर्थडे केक काटा.
राहुल गांधी ने केक काट कर सबसे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को खिलाया. इसके बाद प्रियंका गांधी ने भाई राहुल को केक खिलाया. सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है.
इससे पहले राहुल गांधी के कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूलों से स्वागत किया. प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, “मेरे प्यारे भाई को जन्मदिन की शुभकामनाएं. जीवन, ब्रह्मांड और हर चीज पर उनका अनूठा दृष्टिकोण पथ को रोशन करता है. हमेशा मेरे दोस्त, मेरे साथी यात्री, तर्कशील मार्गदर्शक, दार्शनिक और नेता. चमकते रहो, आपको मैं बहुत प्यार करती हूं.”
Happy Birthday to JanNayak ❤️ pic.twitter.com/noi0uzWIon
— Congress (@INCIndia) June 19, 2024
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. भारत के संविधान में निहित मूल्यों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता और लाखों अनसुनी आवाजों के प्रति आपकी सहानुभूति आपको दूसरों से अलग बनाती है. कांग्रेस पार्टी की विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा की भावना आपके सभी कार्यों में दिखाई देती है क्योंकि आप सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाकर, अंतिम व्यक्ति के आंसू पोंछने के अपने मिशन में लगे हुए हैं. मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं.”
IANS
