“उन्हें बस आपका वोट चाहिए, अगर आप नरेंद्र मोदी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वो नाचेंगे…”, पीएम मोदी पर राहुल गांधी का कटाक्ष, बीजेपी ने दी प्रतिक्रिया
फोटो: आईएएनएस
“नाचने के लिए कहेंगे, तो वो नाचेंगे…”, पीएम मोदी पर राहुल गांधी के कटाक्ष, बीजेपी ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा…?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. जैसे-जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक माहौल और गर्म होता जा रहा है. अब राहुल गांधी के एक नए बयान ने बिहार से लेकर दिल्ली तक की सियासत में नया तड़का लगा दिया है.
राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम को लेकर कहा, “उन्हें बस आपका वोट चाहिए, अगर आप नरेंद्र मोदी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वो नाचेंगे… वो बस आपके वोट चुराने में लगे हैं.”
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि पीएम मोदी विधानसभा चुनाव के बाद नजर नहीं आएंगे. वो सिर्फ ड्रामा करते हैं. छठ जैसे पर्व में भी ड्रामा किया. उनके लिए यमुना जी में अलग से साफ पानी की व्यवस्था हुई. पाइप दिख जाने के कारण वह यमुना तट पर नहीं आए.
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपसे वोट लेने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं. इसी के साथ, राहुल ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप भी लगाया. राहुल ने फिर दोहराया कि बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाताओं से धोखाधड़ी करती है और चुनाव परिणामों में हेरफेर करती है.
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी ने भी तुरंत पलटवार किया. बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी एक ‘लोकल गुंडे’ की भाषा में बात कर रहे हैं. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को वोट देने वाले हर मतदाता का भी अपमान किया है.
भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने बयान से भारतीय मतदाताओं और लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है. इसी के साथ, बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर खुलेआम घुसपैठियों के साथ खड़े होने का भी आरोप लगाया.
गौरतलब है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी. पहले फेज की वोटिंग 6 नवंबर को, जबकि दूसरे फेज की वोटिंग 11 नवंबर को होगी. चुनाव के परिणाम 14 नवंबर को आएंगे.
