राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा- “पूंजीपतियों को छूट और आम लोगों से लूट का एक और उदाहरण देखिए…”
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है. राहुल ने X पर पोस्ट कर लिखा कि सरकार गब्बर सिंह टैक्स से और ज्यादा वसूली की तैयारी कर रही है.
“पूंजीपतियों को छूट और आम लोगों से लूट का एक और उदाहरण देखिए. एक तरफ कॉरपोरेट टैक्स के मुकाबले इनकम टैक्स लगातार बढ़ रहा है. दूसरी तरफ मोदी सरकार गब्बर सिंह टैक्स से और ज्यादा वसूली की तैयारी कर रही है.”
उन्होंने आगे लिखा, “सुनने में आ रहा है कि GST से लगातार बढ़ती वसूली के बीच सरकार एक नया टैक्स स्लैब पेश करने जा रही है – आपकी जरुरत की चीजों पर GST बढ़ाने की योजना है. जरा सोचिए – अभी, शादियों का सीजन चल रहा है. लोग कब से पाई-पाई जोड़कर पैसे इकट्ठा कर रहे होंगे और सरकार इसी बीच ₹1500 से ऊपर के कपड़ों पर GST 12% से बढ़ाकर 18% करने जा रही है.”
“यह घोर अन्याय है – अरबपतियों को टैक्स में छूट देने और उनके बड़े से बड़े कर्ज माफ करने के लिए गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की मेहनत की कमाई को टैक्स द्वारा लूटा जा रहा है. हमारी लड़ाई इसी अन्याय के खिलाफ है. आम लोगों पर पड़ रही टैक्स की मार के खिलाफ हम मजबूती से आवाज उठाएंगे और इस लूट को रोकने के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
