स्कूल बस में छुपा था विशालकाय अजगर, वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
फोटो: आईएएनएस
रायबरेली | उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रविवार को एक स्कूल बस के अंदर एक विशालकाय अजगर मिला. इससे हड़कंप मच गया. अजगर कितना बड़े साइज का था इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है उसका वजन करीब 80 किलो था और इसकी लंबाई साढ़े 11 फीट थी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, रेयान पब्लिक स्कूल की बस की सीट के नीचे अजगर छिपा था.
सूचना मिलने पर सर्किल अफसर (नगर) वंदना सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट, पल्लवी मिश्रा मौके पर पहुंची और मौके पर वन विभाग की टीम को बुलाकर अजगर को रेस्क्यू करवाया.

वन विभाग के अधिकारियों द्वारा अजगर को रेस्क्यू किये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में अजगर को मौके से निकालते और वहां से हटाते हुए देखा जा सकता है.
रायबरेली में रेयान पब्लिक स्कूल की बस में मिला अजगर। बस के इंजन में फंसा था अजगर। एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने पाया काबू। स्कूल बंद होने से नहीं हुआ किसी तरह का नुकसान। @Uppolice @raebarelipolice @Live_Gyan @MamtaTripathi80 pic.twitter.com/GVC5XjTdMq
— Neeraj Srivastava (@NeerajSrivast) October 16, 2022
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अजगर का वजन करीब 80 किलो है और इसकी लंबाई साढ़े 11 फीट है.
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अजगर को किसी तरह काबू में किया गया और उसे दलमऊ के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया. गनीमत रही कि रविवार होने की वजह से स्कूल बंद था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई.
सूत्रों ने बताया कि स्कूल बस ड्राइवर के गांव में खड़ी थी.
बस के बगल में कुछ बकरियां दौड़ रही थीं और संभवत: अजगर उनकी ओर आकर्षित हो गया था. शायद मौका मिलता तो अजगर उनको अपना निवाला बना लेता. इतने बड़े अजगर को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. अजगर को भी बस में छुपने की जगह मुफीद लगी इसलिए वो वहां पहुंच गया.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
