पुतिन ने रूसी परमाणु प्रतिरोधी बलों को हाई अलर्ट पर रखा
Photo: Twitter@KremlinRussia_E/
नई दिल्ली | रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने रविवार को देश के परमाणु प्रतिरोधी बलों को ‘विशेष’ अलर्ट पर रखा है। इस कदम की घोषणा रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु (Sergey Shoigu) और चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव (Valery Gerasimov) के साथ पुतिन की बैठक के दौरान की गई।
पुतिन ने कहा, “पश्चिमी देश आर्थिक क्षेत्र में हमारे देश के खिलाफ अमित्र कार्रवाई कर रहे हैं। मैं उन नाजायज प्रतिबंधों के बारे में बोल रहा हूं, जिनके बारे में सभी अच्छी तरह जानते हैं। हालांकि, प्रमुख नाटो देशों के शीर्ष अधिकारी भी हमारे देश के खिलाफ आक्रामक बयान देते हैं।”
आरटी (RT) के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि यह कदम नाटो के शीर्ष अधिकारियों द्वारा ‘शत्रुतापूर्ण’ बयानबाजी के जवाब में आया है।

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने इससे पहले रविवार को एक नए टेलीविजन संबोधन में ‘सैन्य कर्तव्यों को वीरतापूर्वक निभाने’ के लिए अपने विशेष बलों की प्रशंसा की।
रिपोर्ट में कहा गया है, पुतिन ने ‘डोनबास के लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए विशेष अभियान’ में शामिल सैनिकों के लिए अपना ‘विशेष आभार’ दिया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आज कहा कि उनका देश शांति वार्ता के लिए तैयार है। रूसी सेना रविवार को यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में प्रवेश कर गई, क्योंकि वह राजधानी कीव शहर पर नियंत्रण करने के अपने रातभर के प्रयासों में विफल रही थी।
आईएएनएस
