CRPF से रिटायर्ड DSP ने परिवार पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, बेटे की मौत और पत्नी व बहू घायल

crime gun AI Photo (1)
The Hindi Post

सभी बड़ी खबरें पढ़े हिंदी पोस्ट डॉट इन पर

 

अमृतसर | अमृतसर (पंजाब) में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के रिटायर्ड डीएसपी ने गोली मारकर अपने बेटे की हत्या कर दी है. इस घटना में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है. उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल अमृतसर पुलिस ने पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है.

हत्याकांड में सामने आया है कि सीआरपीएफ के पूर्व डीएसपी तरसेम सिंह की दूसरी शादी हुई थी. पहली पत्नी के साथ अभी भी विवाद चल रहा है. इसी बीच संपत्ति से जुड़े मसले को लेकर सभी लोग सदर थाना इलाके में इकट्ठा हुए थे. यहां विवाद सुलझने की बजाय और बढ़ गया. आक्रोश में आकर पूर्व डीएसपी तरसेम सिंह ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी.

अमृतसर के एसीपी ऋषभ भोला ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “तरसेम सिंह अमृतसर के ही राजा सांसी इलाके के रहने वाले थे. शहर में भी उनका मकान है, जहां वो फिलहाल रहते हैं. सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त पूर्व डीएसपी स्तर के अधिकारी तरसेम सिंह का पारिवारिक विवाद चल रहा था. उनकी दूसरी शादी हुई थी. पहली पत्नी के साथ संपत्ति को लेकर तरसेम सिंह राजा का विवाद था.”

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों का आपस में झगड़ा हुआ था. अधिकारी ने अपना लाइसेंसी हथियार निकालकर पत्नी पर फायर कर दिया. पूर्व डीएसपी ने अपनी पहली पत्नी, बेटे और बहू पर गोली चला दी. घायलों को तुरंत पास के गुरुनानक देव अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल अस्पताल में इलाज के दौरान उनके 40 वर्षीय बेटे की मौत हो गई है जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है.

एसीपी ऋषभ भोला ने कहा, “मजीठा रोड पर एक नजदीकी चौकी पर तैनात पुलिस दल ने आरोपी तरसेम सिंह को काबू कर लिया और उनकी लाइसेंसी बंदूक छीन ली. बाद में उन्हें गिरफ्तार करके थाने ले जाया गया.”

एसीपी ने कहा कि पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!