पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्पा सेंटर्स में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने 65 लोगों को पकड़ा
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
यूपी के गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आई है. पुलिस ने इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के आदित्य मॉल में चल रहे स्पा सेंटर्स पर शुक्रवार रात को रेड डाल दी. रेड डालने से देह व्यापार का भंडाफोड़ हो गया. लगभग दो महीनों से इन स्पा सेंटर्स से इस अनैतिक व्यापार को चलाया जा रहा था.
पुलिस द्वारा छापेमारी करने से हड़कंप मच गया. युवक और युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले. पुलिस ने सभी को रोक लिया. मौके से आपत्तिजनक सामान, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से 44 युवतियों और 21 युवकों को पकड़ा है. साथ ही स्पा के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने रेड करने की कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की थी. मुखबिर की सुचना सही निकली और पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया.
पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन शुभम पटेल ने मीडिया को बताया कि एक गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी कि इंदिरापुरम के आदित्य मॉल में छह स्पा चल रहे हैं जिसमें धड़ल्ले से देह व्यापार हो रहा है. इसकी जांच कराई गई तो सूचना सही मिली. शुक्रवार रात को सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम आदित्य माल पहुंची और स्पा सेंटरों पर छापा मारा.
पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है. सभी को बस से इंदिरापुरम कोतवाली लाया गया था. सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम की ओर से मालिक और प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में मौके से पकड़ी गई युवतियों और महिलाओं ने बताया कि उन्हें स्पा के मालिक और प्रबंधकों ने विभिन्न तरह से ब्लैकमेल कर इस गलत काम को करने के लिए मजबूर किया था. विरोध करने पर फोटो व वीडियो प्रसारित करने की धमकी देते थे. पुलिस ने सभी महिलाओं और युवतियों को मुक्त कराया.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन स्पा सेंटर्स को बंद करा दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
