बेहद दुखद! अपनी पहली पोस्टिंग पर जा रहे युवा आईपीएस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत
आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन की फाइल फोटो (क्रेडिट: आईएएनएस)
कर्नाटक के हासन जिले में रविवार को एक दुखद घटी. यहां कार्यभार संभालने जा रहे युवा IPS अधिकारी की सड़क हादसे में मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.
मृतक अधिकारी की पहचान हर्षवर्धन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, हर्षवर्धन ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया था और सोमवार को वह हासन शहर के पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) के रूप में कार्यभार संभालने वाले थे. वह पुलिस ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के लिए हासन जा रहे थे.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हासन जाते समय सरकारी वाहन का टायर फट गया और कार पलट गई. इससे पुलिस अधिकारी हर्षवर्धन के सिर में गंभीर चोटें आई और उनकी मौत हो गई.
इस घटना में ड्राइवर मंजे गौड़ा को भी चोटें आई. स्थानीय लोगों ने हर्षवर्धन को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. हर्षवर्धन ने कर्नाटक पुलिस अकादमी (मैसूर) में प्रशिक्षण पूरा किया था. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. वह 2022-23 कर्नाटक कैडर बैच के आईपीएस अधिकारी थे.
हर्षवर्धन ने यूपीएससी परीक्षा में 153वीं रैंक हासिल की थी और पहले प्रयास में ही सिविल सेवा परीक्षा पास की थी.
हर्षवर्धन का परिवार मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहता है. इस हादसे के बाद वे सदमे में है.
हासन के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सुजीता और सहायक पुलिस अधीक्षक वेंकटेश नायडू उस अस्पताल पहुंचे थे जहां हर्षवर्धन को भर्ती कराया गया था.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
