अमेरिका: टेकऑफ के दौरान क्रैश हुआ प्राइवेट जेट, लगी भीषण आग, 8 लोग थे सवार

private plane crashes in America Bangor airport (2)
The Hindi Post

अमेरिका: टेकऑफ के दौरान क्रैश हुआ प्राइवेट जेट, लगी भीषण आग, 8 लोग थे सवार

 

सैन फ्रांसिस्को | अमेरिका के मेन राज्य के बैंगोर एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान एक प्राइवेट बिजनेस जेट क्रैश हो गया. इसमें आठ लोग सवार थे. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

बैंगोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बयान जारी कर बताया कि रविवार शाम स्थानीय समयानुसार करीब 7:45 बजे आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंची जिसके बाद एहतियातन एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, स्थानीय मीडिया ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के बारे में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. हादसे में शामिल विमान की पहचान बॉम्बार्डियर चैलेंजर 650 बिजनेस जेट के रूप में हुई है.

हादसे के कारणों की जांच जारी है. यह दुर्घटना उस समय हुई जब अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से से एक शक्तिशाली बर्फीला तूफान गुजर रहा था. उस दौरान मेन राज्य में तापमान शून्य से काफी नीचे था, हल्की बर्फबारी हो रही थी और दृश्यता अत्यंत कम थी.

इस बीच, अमेरिका में आए शक्तिशाली विंटर स्टॉर्म ने देशभर में भारी तबाही मचाई है. अधिकारियों के अनुसार, 10 लाख से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली गुल है, हजारों उड़ानें बाधित हुई हैं और कई लोगों की मौत भी हुई है.

दक्षिणी और मिड-अटलांटिक क्षेत्रों में बर्फबारी और फ्रीजिंग रेन के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए है. इससे बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई है. PowerOutage.com के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में टेनेसी, मिसिसिपी, लुइसियाना, टेक्सास और जॉर्जिया शामिल हैं.

टेनेसी में स्थिति बेहद गंभीर है, जहां 3 लाख से अधिक लोग अब भी बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं. वहीं, देशभर में हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. शुक्रवार से अब तक 30,000 से ज्यादा उड़ानों बाधित हुई है और 18,000 से अधिक फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं. कई बड़े एयरपोर्ट या तो बंद हैं या उड़ानों का सीमित संचालन कर रहे हैं.

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!