चलती कार पर गिरा 65 फीट ऊंचा हाईमास्ट पोल, सपा नेता की दर्दनाक मौत

pole falls on car pratapgarh news
The Hindi Post

चलती कार पर गिरा 65 फीट ऊंचा हाईमास्ट पोल, सपा नेता की दर्दनाक मौत

 

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में रविवार को रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ. बाबूगंज बाजार में एक पेट्रोल पंप पर लगाया जा रहा लगभग 65 फीट ऊंचा और 40 क्विंटल वजनी हाईमास्ट पोल अचानक एक चलती क्रेटा कार पर गिर गया. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, इस हादसे में समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता और पीडब्ल्यूडी ठेकेदार लालबहादुर यादव (48) की दबकर मौत हो गई. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.

क्रेन का पट्टा टूटने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बाबूगंज स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर क्रेन के जरिए हाईमास्ट लाइट का पोल खड़ा किया जा रहा था. जैसे ही लालबहादुर यादव की कार पंप के सामने से गुजरी, पोल को थामे क्रेन का पट्टा अचानक टूट गया. भारी-भरकम पोल सीधे कार की छत पर गिरा, जिससे गाड़ी पूरी तरह पिचक गई. स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा काटकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लिया

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, लालबहादुर यादव अंतू नगर पंचायत से दो बार चुनाव लड़ चुके थे और इलाके के सक्रिय नेता थे. पुलिस ने क्रेन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है कि क्या पोल लगाने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!