कानपुर में विस्फोट, 10 से 12 लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी

blast in kanpur (1)

Photo: X@MohtaPraveenn

The Hindi Post

कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर में मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार के पास बुधवार रात दो स्कूटियों में जोरदार विस्फोट होने से इलाके में दहशत फैल गई. इस घटना में 10 से 12 लोग घायल हुए है.

शुरूआती जांच में पटाखों की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है. विस्फोट की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए. विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आकर 10 से 12 लोग घायल हो गए. धुएं का गुबार देख किसी ने पटाखों में विस्फोट तो किसी ने सिलेंडर में विस्फोट समझा.

हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस, पुलिस प्रशासन और बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. हादसे में घायल आठ लोग अस्पताल पहुंचाए गए हैं. इनमें से चार लोग 50 प्रतिशत झुलसे हैं. विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास कई घरों के शीशे टूट गए और कई दीवारों पर दरारें पड़ गईं.

पुलिस ने बताया कि विस्फोट दो स्कूटियों में हुआ था. यह विस्फोट क्यों हुआ, पुलिस और बम स्क्वायड की टीम पता लगा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल भी घटनास्थल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली.

संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हमने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच की जा रही है. यहां कुछ दुकानों का सारा सामान बिखरा पड़ा है. ऐसा लगता है कि विस्फोट से शीशे टूट गए हैं. जांच के बाद ही विस्फोट होने की सही जानकारी मिल पाएगी.”

वही पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है. घायलों के परिजनों से भी घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है. जहां हादसा हुआ वहां से कुछ ही दूरी पर कोतवाली और मरकज मस्जिद है. इस वजह से पुलिस के साथ-साथ स्थानीय खुफिया इकाई भी जांच में जुट गई है.

खास बात यह है कि जहां हादसा हुआ उसके पास में ही बड़ी संख्या में पटाखों की फुटकर दुकानें खुली हुई हैं.

वहीं, घटनास्थल के पास मौजूद रहे – सुहाना, रियादुईन, अब्दुल और अश्वनी कुमार 50 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं. इन्हें प्रारंभिक जांच के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!