फेसबुक की एक पोस्ट, जुट गई लोगों की भारी भीड़, जमकर हुआ बवाल, क्या है यह मामला?

saharanpur
The Hindi Post

सहारनपुर | ‘इस्लाम’ और ‘रमजान’ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही भीड़ पर सहारनपुर पुलिस (उत्तर प्रदेश) ने लाठीचार्ज किया. पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर एक युवक को हिरासत में ले लिया और अपनी कार्रवाई शुरू कर दी. हालांकि, एसपी देहात ने किसी भी व्यक्ति को हिरासत में लेने से इनकार किया है.

जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले कोतवाली बेहट के गांव अंबेहटा इस्माइलपुर पठानपुरा के एक युवक ने फेसबुक पर रमजान और इस्लाम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इससे मुस्लिम समुदाय में नाराजगी फैल गई. इससे पहले भी मुस्लिम समाज के लोग आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने और तहसील पर प्रदर्शन कर चुके हैं.

सपा विधायक उमर अली खान के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मुस्लिम समाज के लोग उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. सोमवार को सैकड़ों युवा बस स्टैंड के पास जमा हुए और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी. पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन भीड़ अड़ गई. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें कई लोग चोटिल हो गए.

एसपी देहात सागर जैन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि आज कुछ लोगों ने बेहट कस्बे में रोड जाम कर दिया. एक व्यक्ति की फेसबुक आईडी से कुछ दिन पहले एक धर्म विशेष के ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई थी जिसके बाद लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. जब व्यक्ति का बयान लिया गया तो उसने बताया कि उसकी आईडी हैक हो गई है. यह पोस्ट किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा डाली गई है. अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. इस मामले की जांच की जा रही है.

उन्होंने आगे कहा कि आज कुछ लोगों ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी को लेकर जाम लगाया. पुलिस ने उन्हें समझाकर हटा दिया है. इस मामले में अभी भी जांच चल रही है. जांच में जो भी सामने आएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है. जो लड़के जाम लगाने के लिए जुटे थे, उन्हें समझाकर वहां से हटा दिया गया है.

 

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!