करूर रैली हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, अब तक इतने लोगों की मौत की पुष्टि

stampede during actor vijays rally (1) (1)
The Hindi Post

चेन्नई | तमिलनाडु के करूर में शनिवार को चुनावी रैली में मची भगदड़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है. बता दें कि इस घटना में अब तक 36 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है.

पीएम मोदी ने कहा, ”मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आधिकारिक ‘एक्स’ से पोस्ट करते हुए लिखा, “तमिलनाडु के करूर में एक रैली के दौरान हुए हादसे से बेहद दुखी हूं. निर्दोष लोगों की जान जाना वाकई दिल दहला देने वाला है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”

राज्य के सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि मैं तमिलनाडु का सिर नहीं झुकने दूंगा. करूर से आ रही खबर चिंताजनक है. मैंने पूर्व मंत्री वी सेंथिलबालाजी और जिला कलेक्टर से संपर्क किया है ताकि भीड़ के कारण बेहोश हुए और अस्पताल में भर्ती कराए गए नागरिकों का तुरंत इलाज किया जा सके.

उन्होंने कहा, “मैंने पास के त्रिची जिले के मंत्री को भी युद्धस्तर पर जरूरी सहायता मुहैया कराने का आदेश दिया है. मैंने वहां के एडीजीपी से भी बात की है कि वह जल्द से जल्द स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाएं. मैं जनता से अनुरोध करता हूं कि वे डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करे.”

बता दें कि करूर की चुनावी रैली में अचानक मची अफरा-तफरी में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि आपातकालीन टीमें और वरिष्ठ राज्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. तमिलनाडु वेत्री कझगम (टीवीके) नेता और अभिनेता विजय द्वारा आयोजित यह रैली वेलुसामीपुरम में शाम लगभग 7:20 बजे शुरू हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बिजली गुल होने से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. विजय का भाषण सुनने के लिए इकट्ठा हुए हजारों लोग भीड़ में फंस गए.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!