पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, इतनी हुई अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड्स की संख्या….

MODI IN INDONESIA

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, इतनी हुई अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड्स की संख्या….

 

नई दिल्ली |  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की सूची में एक और प्रतिष्ठित सम्मान जुड़ गया है. इंडोनेशिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से सम्मानित किया है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को मिले वैश्विक सम्मानों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है. “बिंतांग आदिपूर्णा,” जिसे “मेडल ऑफ ऑनर” भी कहा जाता है, इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है.

यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया गणराज्य की एकता, निरंतरता और समृद्धि के लिए असाधारण योगदान दिया हो. इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2016 से अब तक एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के देशों से 35 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री को मिले सम्मानों में सबसे अधिक हैं.
इनमें से कई सम्मान सदियों पुराने इतिहास और परंपराओं से जुड़े हुए हैं.

हाल ही में सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया था. यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व को मान्यता देते हुए दिया गया था. प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को जलवायु परिवर्तन से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे सभी देशों को समर्पित किया था.

प्रधानमंत्री मोदी को मिले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में भूटान का ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ भी शामिल है. यह भूटान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. वह यह सम्मान पाने वाले पहले विदेशी शासनाध्यक्ष बने.

इसके अलावा, नाइजीरिया ने उन्हें ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित किया था. महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद वह यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी नेता बने.

इजरायल ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘मेडल ऑफ द नेसेट’ प्रदान किया जिससे वह इस सम्मान को पाने वाले पहले व्यक्ति बने.

मिस्र ने उन्हें देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ से नवाजा था. इसे राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने प्रदान किया था.

वहीं, अमेरिका ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान दिया था. यह सम्मान तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रदान किया गया था.

रूस ने भी प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मानों में शामिल ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित किया था जो भारत-रूस रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को मान्यता थी.

इनमें से कई प्रतिष्ठित सम्मान दुनिया के प्रमुख नेताओं जैसे बराक ओबामा, नेल्सन मंडेला, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, शी जिनपिंग और विंस्टन चर्चिल को दिए जा चुके हैं.

इंडोनेशिया का यह नया सम्मान प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक पहचान को और मजबूत करता है. उनके सम्मान में विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा दिए गए राजकीय पुरस्कार, शैक्षणिक सम्मान और पर्यावरण संबंधी पुरस्कार शामिल हैं.

आईएएनएस

पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड्स की संख्या हुई 35

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!