हुआ बहुत ही भयानक अहसास: 36,000 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने लगा विमान, अटक गई यात्रियों की सांसे, मौत के डर से लिख डाली वसीयत

Aeroplane Aircraft Plane AI Photo Depositphotos_824411642_XL (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)

The Hindi Post

जापान में बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया. चीन के शंघाई से टोक्यो जा रहा जापान एयरलाइंस का विमान बोइंग 737 अचानक 26 हजार फीट नीचे आ गया. विमान को अचानक ऊंचाई खोते देख यात्री घबरा गए. उन्होंने मास्क लगा लिए. इस दौरान कुछ यात्रियों ने तो अपनी वसीयत भी लिखना शुरू कर दिया.

30 जून को जापान एयरलाइंस के विमान ने चीन के शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट से टोक्यो के नारिता एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. जापान एयरलाइंस और स्प्रिंग जापान एयरलाइन की एक सहायक कंपनी के बीच कोडशेयर समझौते वाले इस विमान में 191 यात्री सवार थे. विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था. इस बीच विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और यह 10 मिनट के अंदर 26 हजार फीट नीचे गिरकर 10500 फीट पर आ गया. विमान को नीचे आता देख यात्री घबरा गए. हादसे के डर में यात्रियों ने मास्क लगा लिए.

एक यात्री ने बताया कि मैंने एक धीमी आवाज सुनी और कुछ ही सेकेंड में ऑक्सीजन मास्क गिर गया. इस बीच एक एयर होस्टेस आई और मास्क लगाने के लिए कहने लगी. उसने कहा कि विमान में कुछ खराबी आ गई है. इस बीच कुछ यात्री विमान में सो रहे थे. जबकि कुछ यात्रियों ने अपनी वसीयत लिखनी शुरू कर दी. कुछ यात्रियों ने अपने परिजनों को पिन और बीमा की जानकारी भेजनी शुरू कर दी. एक यात्री ने कहा कि जब मैं अपनी वसीयत, बीमा और बैंक कार्ड के पिन लिख रहा था तो मेरी आंखों में आंसू आ गए. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए एटीसी को आपात लैंडिंग की सूचना दी. इसके बाद विमान को जापाल के ओसाका स्थित कंसाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट कर दिया गया. विमान को रात 8:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) ओसाका में सुरक्षित उतारा गया. यात्रियों को मुआवजे के तौर पर 15 हजार येन (93 अमेरिकी डॉलर) और एक रात रुकने के लिए होटल की सुविधा दी गई. एयरलाइंस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!