जो E20 पेट्रोल नहीं लेना चाहते वे क्या कर सकते है….?, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (फाइल फोटो | आईएएनएस)
जो E20 पेट्रोल नहीं लेना चाहते वे क्या कर सकते है….?, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया
देश भर में एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (E20) को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का एक बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि जो ग्राहक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का उपयोग नहीं करना चाहते, उनके पास 100% प्योर (शुद्ध) पेट्रोल चुनने का विकल्प मौजूद है. हालांकि, इसके लिए उन्हें थोड़ी ज्यादा जेब ढीली करनी होगी.
E10 पर लौटना मुमकिन नहीं: गडकरी
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत के दौरान जब नितिन गडकरी से पूछा गया कि क्या ग्राहकों की चिंताओं को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर कम एथेनॉल मिक्स यानी E10 पेट्रोल का विकल्प फिर से शुरू किया जा सकता है? इस पर उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा, “जब हम 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल कर चुके हैं और E20 ईंधन देश के हर फ्यूल स्टेशन पर उपलब्ध है तो पीछे हटना मुमकिन नहीं है.”
उन्होंने वाहन खराब होने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए दोहराया कि एथेनॉल मिक्स ईंधन से अब तक किसी भी गाड़ी के इंजन को नुकसान पहुंचने का कोई मामला सामने नहीं आया है.
भ्रामक खबरों के बीच तेल कंपनियों ने तेज की जांच
दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर ईंधन की गुणवत्ता (Fuel Quality) को लेकर फैल रही अफवाहों और ग्राहकों की आशंकाओं को दूर करने के लिए देश की प्रमुख सार्वजनिक तेल कंपनियों ने मोर्चा संभाल लिया है. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने देश भर के अपने रिटेल पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता की औचक जांच (Surprise Inspection) और मॉनिटरिंग तेज कर दी है.
कंपनियों की अपील: अफवाहों से बचें, सीधे करें शिकायत
इन पेट्रोलियम कंपनियों ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि पंपों पर मिलने वाला ईंधन सभी सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह खरा है. कंपनियों ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट या भ्रामक पोस्ट पर भरोसा न करें. यदि किसी ग्राहक को ईंधन की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत या संदेह है तो वे सीधे संबंधित पेट्रोल पंप के मैनेजर से संपर्क कर सकते हैं या कंपनी के आधिकारिक कस्टमर केयर माध्यमों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
