पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने के लिए किन हथियारों का किया इस्तेमाल और भारत ने इसका कैसे दिया जवाब, कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका ने बताया
Photo: Hindi Post
नई दिल्ली | ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. पाकिस्तान के साथ जारी तनाव पर सैन्य अधिकारियों ने कहा कि उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज एयरबेस को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा, पाकिस्तान ने मिसाइलें दागीं और अस्पताल तथा स्कूल को निशाना बनाया गया. विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एयर फोर्स स्टेशन सिरसा और एयर फोर्स स्टेशन सूरतगढ़ की शनिवार सुबह की फोटो दिखाईं और कहा कि ये सुरक्षित हैं.
कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, “पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है. उसने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया है. भारत कई खतरों को नाकाम करने में सफल रहा लेकिन पाकिस्तान ने 26 से अधिक स्थानों पर हवाई मार्ग से घुसपैठ करने की कोशिश की.”
उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तान ने पंजाब के वायुसेना बेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया. उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और स्कूलों पर भी हमला किया.”
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “पाकिस्तान की इन हरकतों के बाद तुरंत जवाबी हमला किया गया . रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहमयार खान और अन्य पाक सैन्य ठिकानों पर हथियारों और लड़ाकू जेट्स से हमला किया गया. सियालकोट का एयरबेस भी टारगेट किया गया. कम से कम कोलेटरल डैमेज हो इसको हमने सुनिश्चित किया. पाकिस्तान ने नागरिक विमानों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय एयर रूट का गलत इस्तेमाल किया.”
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया, “त्वरित और सुनियोजित प्रतिक्रिया में भारतीय सशस्त्र बलों ने केवल चिन्हित सैन्य लक्ष्यों (पाकिस्तान के) पर सटीक हमला किया. पाकिस्तान ने भारतीय एस-400 प्रणाली और सूरत और सिरसा में हवाई अड्डों को नष्ट करने के दावा किया जो की बिल्कुल गलत है. हम पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे इन झूठे दावों को पूर्ण रूप से खारिज करते है.”
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर श्रीनगर से नलिया तक 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ और कई उत्पीड़नकारी हमले करने की कोशिश की गई. भारतीय सशस्त्र बलों ने इन खतरों को सफलतापूर्वक बेअसर कर दिया. हालांकि, उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज में भारतीय वायु सेना स्टेशनों पर उपकरणों और कर्मियों को सीमित नुकसान हुआ है. रात 1:40 बजे के बाद पंजाब के कई हवाई ठिकानों पर हाई-स्पीड मिसाइल हमले भी देखे गए.”
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की हरकतों को तनाव बढ़ाने वाला बताया. उन्होंने कहा कि पिछली 2-3 प्रेस ब्रीफिंग्स में बताया गया था कि पाकिस्तानी गतिविधियां तनाव को बढ़ाने का काम कर रही हैं. वो हमें उकसाने का काम कर रहे हैं. हमने रक्षात्मक रवैया अपनाया. इस सुबह पाकिस्तान ने दोबारा उकसाने वाला और तनाव बढ़ाने वाला एक्शन लिया. पाकिस्तान ने आदमपुर, सूरतपुर, एस-400, नगरोटा के गोलाबारूद सेंटर, ब्रह्मोस फैसिलिटी को तबाह करने का दावा किया. हम इसे खारिज करते हैं. कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी और अखनूर में तोप, मोर्टार से भीषण गोलाबारी जारी है.
