वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन: अचानक पहाड़ से गिरने लगे बड़े-बड़े पत्थर, यात्रियों के बीच मची भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, VIDEO
राहत और बचाव का कार्य करते हुए सेना के जवान (फोटो: आईएएनएस)
कटरा | जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के कारण अचानक भूस्खलन हो गया. यह भूस्खलन बाणगंगा के पास हुआ. इस कारण कई श्रद्धालु मलबे में फंस गए और एक ही मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं.
पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ है. जानकारी के अनुसार, बाणगंगा क्षेत्र में अचानक पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा आने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कई श्रद्धालु फंस गए. भूस्खलन के बाद मौके पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. स्थानीय प्रशासन, पुलिस और श्राइन बोर्ड की टीमें मलबा हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी हुई हैं. मौसम विभाग की ओर से पहले ही भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी.
इस दुखद घटना पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उपराज्यपाल कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मनोज सिन्हा के हवाले से एक पोस्ट में लिखा, “मैं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण भूस्खलन हादसे से अत्यंत दुखी हूं. इसमें एक श्रद्धालु की जान चली गई है. घायल यात्रियों को सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. मैं स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हूं.”
🚨 ⚠️ Landslide Rocks Vaishno Devi Marg near Banganga — Pilgrims Injured, Rescue Ops On!
📍 Disaster near Banganga, amid heavy rainfall
— Panic as hill collapses during Yatra
— Several pilgrims injured, being rushed to Katra Hospital
— Relief and rescue teams are on the spot… pic.twitter.com/h1z5wWTIEw— RashtraVaani (@RashtraVaani25) July 21, 2025
हादसे के बाद आवागमन को कुछ देर के लिए रोक दिया गया. हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
इससे पहले, 16 जुलाई को अमरनाथ यात्रा प्रभावित हुई थी. भारी बारिश के कारण सड़क पर काफी मलबा बहकर आ गया था जिससे कई श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. भारतीय सेना के मुताबिक बड़ी संख्या में यात्री फंसे रह गए थे. स्थिति को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया था.
