इंसानियत शर्मसार : हल में बैल की जगह लड़का और लड़की को बांधा, छड़ी से पिटाई कर जुतवाया खेत, यह थी वजह…

odisha

वायरल वीडियो से लिया गया फुटेज (Screengrab)

The Hindi Post

इंसानियत को शर्मसार करने वाले एक मामले में एक प्रेमी जोड़े को सजा देने में हैवानियत की हदें पार कर दी गईं. युवक और युवती को जानवरों की तरह हल से बांधा गया और खेत जुतवाया गया. इस दौरान डंडे से उनकी पिटाई भी की गई. इतने से मन नहीं भरा तो बाद में मंदिर में ले जाकर उनका शुद्धिकरण कराया गया.

ये चौंकाने वाली घटना ओडिशा में हुई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी है. ओडिशा के रायगढ़ा जिले के कंजामझीरा गांव में एक कपल को प्यार करने के लिए तालिबानी सजा दी गई. उनका जुर्म इतना था कि उन्होंने गांव की सामाजिक परंपराओं के खिलाफ जाकर शादी कर ली थी.

खबरों के मुताबिक, युवक और युवती आपस में रिश्तेदार हैं. दोनों के बीच प्यार हुआ और उसके बाद उन्होंने शादी कर ली. बताया जाता है कि लड़का लड़की की चाची का बेटा है. गांव में इस तरह करीबी परिवार में रिश्ता वर्जित है. जब गांववालों को इस शादी के बारे में पता चला तो दोनों को तालिबानी सजा देने का फैसला कर लिया.

पंचायत के आदेश पर बांस और लकड़ी का एक हल बनाया गया. लड़का और लड़की को उस हल से जानवरों की तरह बांधा गया. उसके बाद खेत में उनसे हल चलवाया गया. इस अमानवीय सजा से भी मन नहीं भरा तो डंडे से दोनों की पिटाई भी की गई. वीडियो में गांववाले दोनों से बैल की तरह हल जुतवाते और छड़ी मारते दिख रहे हैं.

प्रेमी जोड़े की तालिबानी सजा यहीं खत्म नहीं हुई. खेत में जानवरों की तरह हल जुतवाने के बाद दोनों को मंदिर ले जाया गया. दोनों का पाप धुलवाने के लिए कथित तौर पर शुद्धिकरण भी कराया गया. वीडियो सामने आने के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने रोष जताया है.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!