वेज की जगह परोस दिया नॉनवेज खाना, पीड़ित परिवार बोला- “हमारा धर्म भ्रष्ट हो गया, हमने जिंदगी में नॉनवेज नहीं खाया”, क्या बोला रेस्टोरेंट का स्टाफ?
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा जिसमें एक फैमिली को रेस्टोरेंट के स्टाफ पर नाराज होते हुए देखा जा सकता है. दरअसल, इस परिवार ने वेज फूड आर्डर किया था पर उनको नॉनवेज खाना परोस दिया गया. इस परिवार ने नॉनवेज को खा भी लिया. जब बिल पेमेंट की बारी आई तब उनको पता चला कि उन्होंने नॉनवेज खा लिया था. इससे बवाल हो गया. वे लोग नाराज हो गए और स्टाफ से सवाल जवाब करने लगे.
वायरल वीडियो यूपी के मेरठ का है. इस वीडियो में रेस्टोरेंट स्टाफ दिखाई दे रहा है. उन पर एक परिवार भड़का रहा है. उनका दावा था कि उन्होंने वेज खाना आर्डर किया था पर उन्हें नॉनवेज परोस दिया गया. परिवार नॉनवेज खा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर मांसाहारी खाना खिला दिया गया. इससे उन सभी का धर्म भ्रष्ट हो गया.
इस वीडियो में रेस्टोरेंट का मैनेजर और स्टाफ अपनी गलती मानते हुए भी नजर आ रहे हैं. वो कह रहे हैं कि उनसे गलती हुई है. वे कह रहे है कि दूसरे टेबल का ऑर्डर उन्होंने गलती से उनको दे दिया था.
हालांकि, इससे भी परिवार का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था. वह लगातार स्टाफ को झाड़ लगा रहा था. हंगामे के दौरान वेटर द्वारा माफी मांगने पर मामला फौरी तौर पर शांत तो हो गया लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अब जांच कर रही है.
यह पूरा वाकया है मेरठ के गंगानगर स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट का. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 6 दिसंबर का है. अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में क्या कार्यवाही करती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
