कनाडा में स्कूल में भीषण गोलीबारी: हमलावर समेत 10 लोगों की मौत

Big News (1)
The Hindi Post

कनाडा में स्कूल में भीषण गोलीबारी: हमलावर समेत 10 लोगों की मौत, BIG NEWS

 

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुई सामूहिक गोलीबारी की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने के बाद संदिग्ध हमलावर ने खुदकुशी कर ली. हमलावर के बारे में संभावना जताई जा रही है कि वो एक महिला थी.

क्षेत्रीय संघीय पुलिस के मुख्य अधीक्षक केन फ्लॉयड ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) जानकारी दी कि ‘टंबलर रिज’ के एक स्थानीय हाई स्कूल में सात लोग मृत मिले, जबकि दो अन्य लोगों के शव एक घर से बरामद हुए.

एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध हमलावर का शव भी स्कूल के भीतर ही मिला है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है ताकि इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि स्कूल में मौजूद लगभग 100 छात्र और कर्मचारी सुरक्षित हैं और उन्हें वहां से बाहर निकाल लिया गया है.

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस “हिंसा की भयानक घटना” से “स्तब्ध और मर्माहत” हैं.

अधिकारियों के अनुसार, ऐसी भी खबरें सामने आई हैं कि हमलावर एक महिला थी या कोई ऐसा व्यक्ति था जिसने महिलाओं जैसे कपड़े पहने हुए थे.

गोपनीयता और जारी जांच का हवाला देते हुए, केन फ्लॉयड ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि हमलावर कोई छात्र था या वयस्क.

पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 25 अन्य लोगों को स्थानीय मेडिकल सेंटर ले जाया गया.

फ्लॉयड ने कहा कि वह अभी तक हमले के पीछे के मकसद) का पता नहीं लगा पाए हैं.

 

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!