कुछ घंटे पहले ही जन्मी बच्ची की गला दबाकर हत्या, अस्पताल में दिया गया वारदात को अंजाम

Baby

प्रतीकात्मक इमेज

The Hindi Post

कुछ घंटे पहले ही जन्मी बच्ची की गला दबाकर हत्या, अस्पताल में दिया गया वारदात को अंजाम

 

मध्य प्रदेश के अशोकनगर के जिला अस्पताल स्थित एसएनसीयू (SNCU) में एक दिन की नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। मृत बच्ची के गले पर निशान थे। मुंह से खून निकल रहा था। वह परिवार की तीसरी बेटी थी।

चंदेरी क्षेत्र के सकर्रा गांव की रहने वाली भावना (पत्नी केदार विश्वकर्मा) ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के कुछ समय बाद ही बच्ची को पीएनसी वार्ड से एसएनसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था।

शनिवार दोपहर बच्ची की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मां भावना के मुताबिक, दोपहर में जब उसने बच्ची को देखा तो उसके गले पर निशान थे। मुंह से खून आ रहा था। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपनी सास को दी थी।

अस्पताल में सिर्फ मां- दादी थीं

सिविल सर्जन डॉ. बीएल टैगोर के मुताबिक, एसएनसीयू में बच्ची के पास मां और दादी (राजन बाई) के अलावा किसी अन्य परिजन के जाने की जानकारी नहीं है। दादी ही बच्ची को दूध पिलाने के लिए साथ लेकर गई थीं।

घटना के समय अस्पताल में मां भावना के अलावा पति केदार और सास-ससुर मौजूद थे। लेकिन बच्ची के पिता सुबह अपनी चाची को लेकर गांव चले गए थे।

परिजन ही शक के घेरे में

अस्पताल के जिस एसएनसीयू वार्ड में बच्ची भर्ती थी। वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसलिए घटना का कोई भी सीसीटीवी रिकॉर्ड पुलिस को नहीं मिल सका है। पुलिस ने अस्पताल के दूसरे हिस्सों की फुटेज खंगाली है।

इन सभी परिस्थितियों के आधार पर पुलिस परिजन की भूमिका पर ही संदेह कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मां और दादी से पूछताछ शुरू कर दी है कि आखिर बच्ची का गला किसने दबाया।

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!