नेपाली एयरलाइंस ने नेटवर्क मैप में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया, फिर….
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)
नेपाली एयरलाइंस ने नेटवर्क मैप में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया, फिर….
काठमांडू | नेपाल एयरलाइंस ने अपने नेटवर्क मैप में बड़ी गलती की है. एयरलाइन ने जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया था. अब इस मामले में एयरलाइन कंपनी ने माफी मांग ली है. एयरलाइन ने इसे एक अनजानी मानवीय त्रुटि बताते हुए खेद व्यक्त किया है.
दरअसल यह नेटवर्क मैप एक दिन पहले सोशल मीडिया पर साझा किया गया था. इसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था. एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गलती को सुधारा जा रहा है और भविष्य में ऐसी त्रुटि न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
मैप की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई. एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर कहा, “हमारे सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए हम ईमानदारी से माफी मांगते हैं. संबंधित पोस्ट को हटा दिया गया है. हम अपनी आंतरिक जांच कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारे द्वारा साझा की गई जानकारी पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय हो.”
नेपाल एयरलाइंस ने कहा कि नक्शे में सीमाओं की गलतियां एक तकनीकी त्रुटि थी जो एयरलाइंस के आधिकारिक रुख या नीति को प्रदर्शित नहीं करती
एयरलाइन के अनुसार, “हम अपने पड़ोसी देशों के साथ अपनी मित्रता का सम्मान करते हैं. इस मैप के कारण हुई चूक के लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं.”
नेपाल एयरलाइंस कॉर्पोरेशन की प्रवक्ता अर्चना खड़का ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि यह गलती गूगल मानचित्र चुनते समय हुई थी और नेटवर्क मानचित्र में भी वही गलत मानचित्र इस्तेमाल किया गया था.
उन्होंने कहा, “यह जानबूझकर नहीं किया गया था और जब हमें गलती का पता चला तो हमने इसे पोस्ट करने के 2-3 घंटे के अंदर हटा दिया.”
आईएएनएस
नेपाली एयरलाइंस ने नेटवर्क मैप में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया, बवाल मचने पर मांगी माफी
