बिहार में सीटों का बंटवारा हुआ, भाजपा और JD(U) इतनी-इतनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

Nitish Kumar (3)
The Hindi Post

नई दिल्ली | बिहार में भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) यानि जेडीयू के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है. बिहार में भाजपा 17 और जेडीयू 16 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं, चिराग पासवान की पार्टी हाजीपुर सहित 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. जबकि, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के खाते में एक-एक सीट गई है.

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से राजू तिवारी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से रजनीश कुमार ने भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों के बंटवारे का ऐलान किया.

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए बताया कि भाजपा बिहार में 17 और जनता दल यूनाइटेड 16 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं, जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम के खाते में एक-एक सीटें आई हैं.

विनोद तावड़े ने लोकसभा सीट वाइज बंटवारे की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और सासाराम यानी बिहार की 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

वहीं, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू वाल्मिकी नगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद और शिवहर सहित 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

चिराग पासवान की पार्टी हाजीपुर, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई में चुनाव लड़ेगी. जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा गया और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम काराकाट लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी.

जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने कहा कि बिहार में जहां विपक्षी गठबंधन में अभी तक स्थिति साफ नहीं है, वहीं, एनडीए गठबंधन में सब कुछ तय हो गया है और हमारा गठबंधन इस बार बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें जीतने जा रहा है.

बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि 2019 के पिछले चुनाव में बिहार में 3 दल एनडीए में शामिल थे और इस बार दो और दल हमारे साथ जुड़े हैं. एनडीए गठबंधन बिहार में सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने जा रहा है.

2019 के लोक सभा चुनाव में भाजपा बिहार में 17 सीटें जीती थी, वही JD(U) 16 सीटों पर विजयी हुई थी. राज्य में लोक सभा की कुल 40 सीटें है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!