अभिनेत्री नरगिस फाखरी की बहन पर लगा एक्स-बॉयफ्रेंड को जला के मारने का आरोप, पुलिस ने किया अरेस्ट
अभिनेत्री नरगिस फाखरी की फाइल फोटो (आईएएनएस)
बॉलीवुड अभिनेत्री नरगिस फाखरी की बहन आलिया फाखरी पर एक्स-बॉयफ्रेंड की कथित तौर पर हत्या करने का आरोप लगा है. अधिकारियों द्वारा शेयर की गई डिटेल्स के अनुसार, आलिया ने कथित तौर पर 2 नवंबर को इस अपराध को अंजाम दिया था.
आरोप है कि आलिया ने एक्स-बॉयफ्रेंड के गैरेज में कथित तौर पर आग लगा दी थी जिसके कारण उनकी (एक्स-बॉयफ्रेंड) और उनकी दोस्त की मौत हो गई थी. न्यूयॉर्क पुलिस ने आलिया को गिरफ्तार कर लिया है.
क्वींस डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मेलिंडा कैट्ज के एक बयान के अनुसार, आलिया पर प्रथम डिग्री हत्या का आरोप लगाया गया है.
मृतकों की पहचान एडवर्ड जैकब्स (35) और अनास्तासिया एटिएन (33) के रूप में हुई है. कैट्ज ने मीडिया को बताया कि जैकब्स के घर के प्रवेश द्वार पर स्थित गैरेज में आलिया द्वारा कथित तौर पर आग लगाई गई थी. आग के कारण एडवर्ड और अनास्तासिया की मौत हो गई.
उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण, दोनों गैरेज से बाहर नहीं निकल सके थे और अंदर ही फंस गए थे.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, नरगिस फाखरी की बहन आलिया फाखरी अपने एक्स बॉयफ्रेंड के साथ पैचअप करना चाहती थी. लेकिन एक्स बॉयफ्रेंड एडवर्ड जैकब्स ने उनके साथ दोबारा रिश्ते में आने से इनकार कर दिया था. इस बात पर गुस्साई नरगिस की बहन ने एक्स बॉयफ्रेंड और उनकी मौजूदा गर्लफ्रेंड अनास्तासिया एटिएन की कथित तौर पर हत्या कर दी.
हालांकि, आलिया ने अपने को निर्दोष बताया है. नरगिस की मां ने भी अपनी बेटी को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनकी बेटी किसी की हत्या नहीं कर सकती. हालांकि, अब अदालत द्वारा सबूतों के आधार पर फैसला किया जायेगा.
इस खबर को अपडेट किया जाएगा.
