छुट्टी पर आए भारतीय सेना के जवान की हत्या

Indian Army soldier murdered in Manipur (1)

File Photo (IANS)

The Hindi Post

इम्‍फाल | भारतीय सेना के एक जवान का शव इम्‍फाल पूर्वी जिले में मिला है. जवान का शनिवार को कुछ हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया था. इसके बाद से उन्हें ढूंढा जा रहा था. अब उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई है.

बता दे कि जवान छुट्टी पर घर आए हुए थे. इसी दौरान, कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया.

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तीन हथियारबंद लोगों ने शनिवार को बंदूक की नोक पर डिफेंस सर्विस कोर (डीएससी) के 49 वर्षीय जवान – सर्टो थांगथांग कॉम का इम्‍फाल पश्चिम जिले के हैप्पी वैली के तारुंग स्थित उनके घर से अपहरण कर लिया था.

उनका गोलियों से छलनी शव रविवार को इम्‍फाल पूर्वी जिले के खुनिंगथेक गांव पूर्व में मिला.

सैनिक के परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है.

अंतिम संस्कार परिवार की इच्छा के अनुसार किया जाएगा. सेना की एक टीम शोक संतप्त परिवार के घर पहुंची.

भारतीय सेना ने इस कायरतापूर्ण हत्या की कड़ी निंदा की है और कहा है कि इस कठिन समय में सर्टो थांगथांग के शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी रहेगी.

थांगथांग, 8वीं असम रेजिमेंट से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद, कुछ साल पहले डीएससी में फिर से नियुक्त हुए थे. वह छुट्टी पर थे और सोमवार को उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करनी थी.

उनकी पत्नी सोमिवोन कॉम ने कहा कि दो बच्चों की पढ़ाई के कारण उनका परिवार हैप्पी वैली इलाके में रह रहा है.

कॉम यूनियन मणिपुर (केयूएम) के अध्यक्ष, सर्टो अहोउ कोम ने कहा कि कॉम आदिवासी समुदाय मणिपुर में अल्पसंख्यक है. उन्होंने कहा, कॉम समुदाय एक शांतिप्रिय समाज है और यह किसी समुदाय के साथ पक्षपात नहीं करता.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!