मामूली विवाद में गई रक्षामंत्री के सुरक्षाकर्मी के बेटे की जान, भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर धारदार हथियार से हमला…

crime police (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

मामूली विवाद में गई रक्षामंत्री के सुरक्षाकर्मी के बेटे की जान, भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर धारदार हथियार से हमला…

 

मुंबई | मुंबई के व्यस्त मालाड रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लोकल ट्रेन से उतरते समय हुए विवाद में एक शख्स पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना शनिवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो विले पार्ले स्थित एक कॉलेज में गणित विषय के शिक्षक थे. वह देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सुरक्षाकर्मी के बेटे बताए जा रहे हैं. आलोक सिंह लोकल ट्रेन से विले पार्ले से मलाड की ओर जा रहे थे. मालाड स्टेशन पर ट्रेन से उतरते वक्त उनकी दो यात्रियों से मामूली कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी ने आलोक कुमार सिंह पर धारदार हथियार से पेट में वार कर दिया. अचानक हुए इस हमले से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. खून से लथपथ हालत में आलोक सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया. हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. बोरीवली रेलवे पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. रेलवे पुलिस और मुंबई पुलिस की जीआरपी ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाकर देर रात वसई इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओंकार शिंदे (27), निवासी मालाड ईस्ट के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

इस सनसनीखेज वारदात के बाद मालाड रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही वाले स्टेशन पर इस तरह की घटना ने यात्रियों में दहशत फैला दी है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!