13 साल की बच्ची ने रची खुद के अपहरण की साजिश, वजह जान कर ठनक जाएगा आपका माथा

The Hindi Post

मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां 13 साल की नाबालिग लड़की ने खुद के अपहरण के झूठी कहानी गढ़ दी. इसके बाद वह घर से फरार हो गई. ऐसा उसने मां की डांट से तंग आकर किया.

लड़की ने घर से निकलने से पहले एक पत्र भी छोड़ा जिसमें 15 लाख रूपए की फिरौती की मांग की बात लिखी थी. जब बच्ची की मां घर लौटी तो उनको यह लेटर मिला. लेटर में लिखा था, “तुम्हारी बेटी हमारे पास है. अगर उसे सुरक्षित चाहते हो तो 15 लाख का इंतजाम कर लो. अगर पुलिस को बताया तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे.”

इस लेटर को पढ़ने के बाद परेशान परिवार ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और बच्ची को ढ़ूंढने का अभियान शुरू किया गया.

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला. पुलिस को स्थानीय रिक्शा ड्राइवर ने बताया कि उसने एक लड़की को सदर इलाके में छोड़ा था. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने बच्ची को पांच घंटे के अंदर ही ढूंढ निकाला.

पुलिस की पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था बल्कि उसने यह कहानी गढ़ी थी. बच्ची ने पुलिस को यह भी बताया कि ऐसा उसने अपनी मां की डांट से तंग आकर किया था.

बच्ची ने घर से निकलने से पहले अपनी गुल्लक तोड़ी थी. उसमें रखे कुछ रूपयों को वह अपने साथ ले गई थी. यह रूपए इतने थे जिनसे एक महीने के लिए किराए पर कमरा लिया जा सकता था. पूछताछ में यह पता चला कि यह लड़की अकेले रहना चाहती थी जहां कोई उसके जीवन में दखल ने दे.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फिरौती की मांग के कारण मामला गंभीर था. हमें एक ऑटो ड्राइवर की मदद से लड़की के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद वह हमें सदर इलाके में मिल गई. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ही फिरौती के लिए पत्र लिखा था. ऐसा उसने इसलिए किया था क्योंकि वह डांटे जाने से नाराज थी.

पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि फिरौती के पत्र की हैंड राइटिंग और बच्ची की नोटबुक की हैंडराइटिंग मैच कर ली गई है. इसके बाद बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!