“दो बुजुर्ग जिनकी उम्र दादा-नाना के बराबर थी… फोटो खिंचवाने के दौरान मेरी कमर पर हाथ रखा…, अंकल नीचे एंगल से बना रहे थे वीडियो”, अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ हुई बदसलूकी
फोटो: इंस्टाग्राम
“दो बुजुर्ग जिनकी उम्र दादा-नाना के बराबर थी… फोटो खिंचवाने के दौरान मेरी कमर पर हाथ रखा…, अंकल नीचे एंगल से बना रहे थे वीडियो”, अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ हुई बदसलूकी
करनाल (हरियाणा) में हुए एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ जो हुआ उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. मौनी ने अपमान और मानसिक पीड़ा झेली है. सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए मौनी ने बताया कि कैसे कुछ लोगों के व्यवहार ने उन्हें असहज और असुरक्षित महसूस कराया. उनका यह खुलासा चौंकाने वाला है.
मौनी ने कहा कि इवेंट में बुजुर्ग शख्स ने फोटो लेने के बहाने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की. मौनी ने पोस्ट में लिखा- “मेरा पिछला इवेंट करनाल में था और मैं वहां के मेहमानों के बर्ताव से काफी दुखी हूं. खासकर दो बुजुर्गों से जिनकी उम्र दादा-नाना के बराबर थी. जैसे ही इवेंट शुरू हुआ और मैं स्टेज की तरफ गई तो वहां मौजूद बुजुर्ग और कुछ परिवार के लोगों ने फोटो खिंचवाने के लिए मेरी कमर पर हाथ रख दिया. जब मैंने उनसे कहा कि ‘सर, अपना हाथ हटाइए’, तो उन्हें यह अच्छा नहीं लगा.
उन्होंने आगे बताया, “स्टेज पर तो और भी बुरा हुआ. दो अंकल ठीक सामने खड़े होकर मुझपर भद्दी टिप्पणियां और अश्लील इशारे कर रहे थे. जब मुझे यह समझ आया तो पहले मैंने बहुत प्यार से उन्हें इशारा किया कि ऐसा मत करो लेकिन इसके जवाब में उन्होंने मुझ पर गुलाब के फूल फेंकने शुरू कर दिए. ऐसे में परफॉरमेंस के बीच में ही मैं स्टेज छोड़कर बाहर जाने लगी थी लेकिन फिर मैंने वापस आकर अपनी परफॉरमेंस पूरी की. ”
मौनी ने आगे कहा कि वह अपने साथ हुए इस इंसीडेंट (घटना) के बाद से ट्रॉमा में हैं. वह बोली – “वो इसके बाद भी नहीं रुके और न ही किसी परिवार के सदस्य या ऑर्गेनाइजर ने उन्हें वहां से हटाया. अगर मेरे जैसे इंसान को इन सब चीजों को सामना करना पड़ रहा है तो मैं सोच भी नहीं सकती कि उन नई लड़कियों का क्या हाल होता होगा जो अभी काम करना और शो करना शुरू कर रही हैं.”
मौनी बोली- “मैं बहुत अपमानित और डरा हुआ महसूस कर रही हूं. मैं चाहती हूं कि अधिकारी इस दुर्व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई करें. हम कलाकार हैं, जो अपनी कला के जरिए ईमानदारी से रोजी-रोटी कमाने की कोशिश कर रहे हैं. ये आदमी तब क्या करेंगे अगर इनके दोस्त इनकी खुद की बेटियों, बहनों या परिवार के सदस्यों के साथ ऐसा ही व्यवहार करें. शर्म आनी चाहिए.”
Hindi Post Web Desk
