आ गया मॉनसून! भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत, जानें आपके राज्य में कब होगी बारिश ?
सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
आ गया मॉनसून! भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत, जानें आपके राज्य में कब होगी बारिश ?
तिरुवनंतपुरम | देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी. हालांकि, यह अपने सामान्य समय (1 जून) से तीन दिन की देरी से पहुंचा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अरब सागर और केरल तट पर परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद मानसून का आगमन हुआ है.
भारत में जून से सितंबर तक चलने वाले इस चार महीने के मानसूनी सीजन पर पूरे देश की नजर रहती है. केरल पहुंचने के बाद अब मानसून धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ेगा और जुलाई के मध्य तक पूरे देश को कवर कर लेगा.
अर्थव्यवस्था और कृषि के लिए संजीवनी
यह मानसून भारत की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था के लिए जीवनरेखा माना जाता है क्योंकि देश का लगभग 51 प्रतिशत कृषि क्षेत्र आज भी सिंचाई के लिए सीधे तौर पर मानसूनी बारिश पर निर्भर है. बेहतर और समय पर बारिश होने से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आमदनी और मांग बढ़ती है, बल्कि खाद्य पदार्थों की कीमतें भी नियंत्रित रहती हैं. यही वजह है कि कंज्यूमर गुड्स से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यापार जगत से जुड़े तमाम सेक्टर्स मानसून की चाल पर बारीक नजर रखते हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्ते बेहद महत्वपूर्ण होंगे जिसमें मानसून की गति और देश भर में इसके प्रसार के पैटर्न को ट्रैक किया जाएगा. केरल में हुई ये पहली मानसूनी बौछारें आगामी वर्ष के लिए देश की आर्थिक तकदीर तय करने में बड़ी भूमिका निभाएंगी.
IANS/Hindi Post Dot In
