मशहूर भारतीय क्रिकेटर को जान से मारने की धमकी, भाई ने दर्ज कराई FIR
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. उनको यह धमकी ईमेल के जरिए मिली है. इस मामले में मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने अमरोहा पुलिस को FIR के लिए तहरीर दी थी. अमरोहा एसपी के आदेश के बाद साइबर सेल में मामले की FIR दर्ज की गई है.
मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने अमरोहा के पुलिस अधीक्षक को बताया कि मोहम्मद शमी के ईमेल पर रविवार को राजपूत सिंधर नाम की मेल आईडी से धमकी भरा मेला आया है.

मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि मोहम्मद शमी आईपीएल में बिजी है. मैंने चार मई 2025 को मोहम्मद शमी की ई-मेल आईडी कुछ जरूरी मेल चेक करने के लिए खोली थी. उसमें मुझे शमी को जान से मारने की धमकी देने का मेल दिखाई दिया, जो राजपूत सिन्धर की मेल आईडी से आया था. शमी के भाई की शिकायत पर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
