राज्यसभा में गुलाम नबी आजाद की विदाई के दौरान भावुक हुए पीएम मोदी

Modi gets emotional during Azad's farewell in RS
The Hindi Post

नई दिल्ली | राज्यसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद की मंगलवार को हुई विदाई के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावुक हो गए। विपक्ष के नेता आजाद का इस महीने उच्च सदन में कार्यकाल खत्म हो रहा है। उनके अलावा 3 और सदस्यों का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। प्रधानमंत्री ने राजनीति में और सदन में गुलाम नबी आजाद के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा, “आप सदन से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन मैं आपको सेवानिवृत्त नहीं होने दूंगा। मेरे दरवाजे हमेशा आपके लिए खुले हैं और हमें आपके योगदान और सलाह की जरूरत होगी।”

मोदी ने यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति आजाद की जगह लेगा, उसके लिए उनकी तरह योगदान दे पाना मुश्किल होगा। उन्होंने आगे कहा, “वह उनकी पार्टी के बारे में तो चिंतित हैं ही लेकिन वे सदन और देश के बारे में ज्यादा चिंतित हैं।”

 

AD Hotel Sain Dass

 

मोदी ने उन दिनों को भी याद किया जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और कश्मीर में गुजराती पर्यटकों पर हमला हुआ था। उन्होंने कहा, “जब कश्मीर में गुजराती पर्यटकों पर हमला हुआ था, तो सबसे पहले आजाद ने ही मुझे इसकी सूचना दी थी और वे लगभग रो पड़े थे।”

इस मौके पर सदन के अध्यक्ष एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि आजाद का आज सदन में कार्यकाल खत्म हो रहा है लेकिन सार्वजनिक सेवा में उनकी जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही वे सदन के लिए फिर से चुने जाएंगे। वहीं राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि आजाद देश के सबसे अनुभवी नेता हैं और उन्होंने कई मंत्रालयों को संभाला। पवार ने आगे कहा, “जब आजाद संसदीय मामलों के मंत्री थे तो विपक्ष और अन्य सभी राजनीतिक दलों के साथ उनके अच्छे संबंध थे।”

 

Ad Sain Dass 2

 

बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद का 15 फरवरी को कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। साथ ही वे उच्च सदन में विपक्ष के नेता के पद से भी हट जाएंगे। उनके अलावा पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के 2 सांसदों – नजीर अहमद लावे और मीर मोहम्मद फैयाज का भी क्रमश: 10 और 15 फरवरी को कार्यकाल खत्म हो जाएगा। इसी तरह भाजपा के शमशेर सिंह मन्हास का कार्यकाल भी 10 फरवरी को समाप्त हो रहा है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!