उत्तर प्रदेश: 13 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या

Rape-

रिप्रेजेन्टेटिव इमेज

The Hindi Post

लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) | उत्तर प्रदेश में बर्बरता का एक और मामला सामने आया है। यहां के लखीमपुर खीरी जिले में 13 वर्षीय दलित लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई है। बच्ची का शव शनिवार को एक गन्ने के खेत में मिला था। लड़की के गांव के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बच्ची के साथ रोंगटे खड़ी कर देने वाली बेरहमी की गई। उसका गला घोंट दिया गया, जिससे उसकी आंखें फटी रह गईं और उसकी जीभ भी बुरी तरह कटी मिली है।

कथित तौर पर यह घटना शुक्रवार को नेपाल की सीमा से सटे एक गांव में घटी। उसका शव एक आरोपी के खेत में मिला था।

जिला पुलिस प्रमुख सत्येंद्र कुमार ने कहा, ‘लड़की के पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हम उनके खिलाफ बलात्कार, हत्या और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज करेंगे।”

खबरों के मुताबिक, लड़की शुक्रवार दोपहर को लापता हो गई थी।

लड़की के पिता ने कहा, “हमने हर जगह उसे तलाशा और आखिरकार वो गन्ने के खेत में मिली। उसकी आंखें बाहर निकली पड़ रही थीं। उसकी जीभ काट दी गई थी। दुपट्टे से गला घोंटा गया था, जो उसके गले में लिपटा मिला।”

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने ट्विटर पर इस घटना की निंदा करते हुए इसे ‘बेहद शर्मनाक’ बताया।

उन्होंने पूछा, “यदि ऐसी ही घटनाएं का होना जारी है, तो फिर समाजवादी पार्टी और वर्तमान भाजपा सरकार के बीच क्या फर्क है?”

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्र शेखर आजाद ने भी इस घटना पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार के शासन में दलित उत्पीड़न अपने चरम पर है .. अगर यह जंगल राज नहीं है, तो क्या है? हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, हमारे घर सुरक्षित नहीं हैं। हर जगह भय का माहौल है। योगी आदित्यनाथ को इस्तीफा देना चाहिए।”

गौरतलब है कि 10 दिन पहले भी 6 अगस्त को हापुड़ जिले में 6 साल की बच्ची का अपहरण और दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार किया है। लड़की अब भी अस्पताल में है और उसकी एक सर्जरी हो चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत स्थिर है लेकिन वह खतरे से बाहर नहीं है।

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!