UP: दर्द से कराहती रही लहूलुहान बच्ची, मदद करने के बजाय लोग बनाते रहे वीडियो

Kannauj Alleged Rape Incident (1)
The Hindi Post

कन्नौज (उत्तर प्रदेश) | उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक 12 वर्षीय लड़की डाक बांग्ला गेस्ट हाउस के पीछे खून से लथपथ हालत में मिली. लड़की के साथ दुष्कर्म कर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोग गंभीर रूप से घायल लड़की की मदद करने के बजाय उसका वीडियो बना रहे हैं. बच्ची के सिर समेत शरीर के कई अंगों पर चोटें आई हैं.

वीडियो में कई लोग मोबाइल फोन से कई एंगल्स से वीडियो बनाते हुए नजर आ रहे हैं. लोगों को यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या पुलिस को सूचित किया गया. इस बीच एक शख्स ने थानाध्यक्ष का नंबर मांगा. लेकिन इस दौरान लोग लड़की का वीडियो बनाते रहे. लड़की की मदद करने का किसी ने प्रयास नहीं किया.

पुलिस के आने तक लड़की को मदद के लिए इंतजार करना पड़ा.

लड़की को गोद में लेकर भागते नजर आए स्थानीय चौकी प्रभारी

इस घटना का एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय चौकी प्रभारी घायल लड़की को गोद में लिए एक ऑटोरिक्शा की ओर भागते हुए दिख रहे है.

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा, नाबालिग लड़की घायल पाई गई और स्थानीय पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है.

उन्होंने कहा कि लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

यह स्पष्ट नहीं है कि लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया या नहीं. मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

क्या बताया लड़की के घरवालों ने?

लड़की के परिवार वालों के मुताबिक, वह दोपहर में गुल्लक खरीदने के लिए निकली थी. शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई.

लड़की गेस्ट हाउस के पीछे खून से लथपथ और घायल अवस्था में मिली.

बाद में पीड़िता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक डॉक्टर ने उसकी जांच की. गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसे वहीं फेंक दिया गया.

हालांकि, पुलिस इस दावे से इनकार कर रही है.

गुरसहायगंज थाना प्रभारी मनोज पांडे ने कहा कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और पुलिस बच्ची के बयान का इंतजार कर रही है.

IANS

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!