पत्नी के प्रेमी की हत्या कर सोशल मीडिया पर डाला वीडियो, बेवफा पत्नियों के पतियों को दिया ‘ऑफर’, कहा- “जिसकी भी बीवी…….”, VIDEO
वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब / (क्रेडिट : सोशल मीडिया)
पत्नी के प्रेमी की हत्या कर सोशल मीडिया पर डाला वीडियो, बेवफा पत्नियों के पतियों को दिया ‘ऑफर’, कहा- “जिसकी भी बीवी…….”, VIDEO
मेरठ | जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया. पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का बदला लेने के लिए प्रदीप नामक व्यक्ति ने सुरेंद्र उर्फ सुनील की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. सनातन धर्म मंदिर के ठीक सामने अंजाम दी गई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी.
सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
घटना दोपहर करीब 1:45 बजे की है, जब जगजीवन पुरी निवासी सुरेंद्र अपनी बाइक से रामराज के मुख्य बाजार से गुजर रहे थे. तभी घात लगाए बैठे नकाबपोश हमलावर ने पीछे से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पहली गोली लगते ही सुरेंद्र सड़क पर गिर पड़े जिसके बाद हमलावर ने उनके पास आकर कनपटी पर पिस्टल सटाकर दोबारा गोलियां मारीं. सुरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रतिशोध की आग: डेढ़ साल पुराना विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे डेढ़ साल पुरानी रंजिश है. बताया जा रहा है कि मृतक सुरेंद्र का आरोपी प्रदीप की पत्नी के साथ प्रेम संबंध था. करीब डेढ़ साल पहले वह महिला अपने पति का घर छोड़कर सुरेंद्र के साथ चली गई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसी ‘अपमान’ का बदला लेने के लिए प्रदीप ने सुरेंद्र को मौत के घाट उतारने की कसम खाई थी.
भाजपा के “सुरक्षित प्रदेश” में सरेआम हत्या और पुलिस को खुली चुनौती!
मेरठ के प्रदीप ने सुनील गाबा को 3 गोलियों से भून दिया और अब वीडियो बनाकर मेरठ पुलिस को अंगूठा दिखा रहा है। 12 बोर, 32 बोर और 315 बोर—इतने हथियार आखिर आए कहां से? क्या यही भाजपा की सुधरी हुई कानून-व्यवस्था है… pic.twitter.com/q00cq0XXw8
— UP Congress (@INCUttarPradesh) February 26, 2026
‘मौत का खौफ 302’: सोशल मीडिया पर लाइव कबूलनामा
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रदीप ने सोशल मीडिया पर 4 मिनट का एक वीडियो शेयर किया. इंस्टाग्राम आईडी ‘मौत का खौफ 302’ का जिक्र करते हुए उसने न केवल हत्या की जिम्मेदारी ली, बल्कि पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती भी दी.
वीडियो में वह कह रहा है कि उसने अपना बदला ले लिया है. उसने अपनी पत्नी और कुछ पुलिसकर्मियों को भी जान से मारने की धमकी दी.
आरोपी ने खुद को ‘ढाई मीटर का कफन’ साथ लेकर चलने वाला बताते हुए कहा कि उसे अपनी मौत का कोई डर नहीं है.
पुलिस की कार्रवाई और एसपी का बयान
मेरठ के एसपी देहात, अभिजीत कुमार ने मीडिया को बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. आरोपी ने वीडियो में कुछ पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के जो आरोप लगाए हैं, विभाग उनकी भी गहराई से जांच कर रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
