बड़ा हादसा ! मेडिकल विमान हुआ क्रैश, अचानक नीचे गिरी फ्लाइट, सवार थे 6 लोग…

Red Air Ambulance with Open Cabin (1) (1)
The Hindi Post

बड़ा हादसा ! मेडिकल विमान हुआ क्रैश, अचानक नीचे गिरी फ्लाइट, सवार थे 6 लोग…

 

बोस्टन | अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने बरमूडा से बोस्टन जा रहे लापता मेडिकल विमान का मलबा मिलने की पुष्टि की है. शनिवार तड़के उड़ान के दौरान इस विमान का संपर्क टूट गया था. विमान में कुल छह लोग सवार थे, जिनकी तलाश अभी भी जारी है.

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 2 बजे गल्फस्ट्रीम G100 विमान (टेल नंबर C-GRJP) से संपर्क कट गया था. इस एयर एम्बुलेंस का संचालन कनाडा की कंपनी ‘लैटिट्यूड एयर एम्बुलेंस’ कर रही थी. सूचना मिलते ही कोस्ट गार्ड की हवाई और समुद्री टीमों ने नैनटकेट तट के पास बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

कोस्ट गार्ड ने बताया कि समुद्र में मिला मलबा इसी लापता विमान का है. विमान में सवार छह लोगों में चार कनाडाई और दो बरमूडा के नागरिक शामिल हैं. उनके परिवारों को घटना की सूचना दे दी गई है. कोस्ट गार्ड का जहाज ‘विलियम स्पार्लिंग’ रात भर तलाशी अभियान में जुटा रहा.

फ्लाइटअवेयर के ट्रैकर के मुताबिक, संपर्क टूटने से पहले विमान की ऊंचाई में काफी तेजी से गिरावट आई थी. विमान करीब 24,000 फीट यानी लगभग 7,300 मीटर की ऊंचाई से गिरकर करीब 11,000 फीट यानी लगभग 3,300 मीटर पर आ गया था. इसके बाद उससे संपर्क टूट गया था.

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग से पता चला है कि तट के पास पहुंचते ही पायलट ने इलेक्ट्रिकल खराबी की बात कहते हुए आपात स्थिति (इमरजेंसी) घोषित की थी.

कनाडा के परिवहन मंत्री स्टीवन मैककिनन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और तलाशी अभियान में जुटे सभी बचावकर्मियों के प्रयासों की सराहना की.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!