पेट दर्द के इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचा युवक, जांच में दिखा कुछ ऐसा कि फौरन खाली कराना पड़ा अस्पताल
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
पेट दर्द के इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचा युवक, जांच में दिखा कुछ ऐसा कि फौरन खाली कराना पड़ा अस्पताल
फ्रांस के टूलूज शहर से एक ऐसी विचित्र घटना सामने आई है जिसने डॉक्टरों तक के होश उड़ा दिए. यहां के रंगुइल अस्पताल को उस समय आनन-फानन में खाली कराना पड़ा, जब ऑपरेशन थिएटर में एक मरीज के शरीर के भीतर प्रथम विश्व युद्ध का जिंदा तोप का गोला मिला.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 24 वर्षीय युवक पेट में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था. डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत सर्जरी का फैसला किया. लेकिन जैसे ही ऑपरेशन शुरू हुआ सर्जन दंग रह गए. युवक के शरीर के अंदर करीब 8 इंच लंबा और नुकीला तोप का गोला फंसा हुआ था. यह गोला प्रथम विश्व युद्ध के समय का था और सबसे डरावनी बात यह थी कि यह फटा नहीं था.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
जैसे ही यह बात पता चली कि मरीज के शरीर में विस्फोटक है अस्पताल में हड़कंप मच गया. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, तुरंत बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. संभावित विस्फोट के डर से तुरंत उस वार्ड को खाली कराया गया. विशेषज्ञों की टीम ने जांच के बाद बताया कि गोला काफी पुराना है जिससे विस्फोट का तत्काल खतरा टल गया. इसके बाद डॉक्टरों ने सफल सर्जरी की. युवक के शरीर से गोले को सुरक्षित बाहर निकाला गया. फिलहाल वो अस्पताल में भर्ती है.
जांच के घेरे में युवक
मरीज अब खतरे से बाहर है लेकिन यह रहस्य अब भी बरकरार है कि आखिर इतना बड़ा और खतरनाक गोला उसके शरीर के भीतर पहुंचा कैसे? विशेषज्ञों को अंदेशा है कि यह किसी जानलेवा स्टंट या लापरवाही का नतीजा हो सकता है. अब पुलिस इस मामले में युवक से पूछताछ की तैयारी कर रही है. फ्रांस में बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री रखना अपराध है. इसलिए युवक पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
