हथियारबंद आतंकियों ने तीन भारतीयों का किया अपहरण, भारत सरकार ने…

Big News (1)
The Hindi Post

पश्चिम अफ्रीकी देश माली में तीन भारतीय नागरिकों के अपहरण की खबर सामने आई है. तीनों भारतीय नागरिक माली में डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में काम करते थे. भारत ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है.

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को हथियारबंद हमलावरों के एक समूह ने डायमंड सीमेंट फैक्ट्री पर हमला किया और तीन भारतीय नागरिकों को बंधक बना लिया.

मंत्रालय ने अपने बयान में आगे कहा कि भारत सरकार को इस बारे में जानकारी है कि माली में अलग-अलग स्थानों पर आतंकवादियों ने मंगलवार को हमला किया. मंत्रालय ने आगे कहा कि भारतीय दूतावास माली सरकार और डायमंड सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारियों के संपंर्क में है.

विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारतीय दूतावास अपहृत भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपंर्क में भी है.

भारत सरकार ने इस घटना की निंदा करते हुए माली सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया है.

बयान में आगे कहा गया कि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र रिहाई के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहे हैं.

वर्तमान में माली में रहने वाले सभी भारतीयों को विदेश मंत्रालय ने अत्यधिक सावधानी बरतने, सतर्क रहने और नियमित अपडेट हासिल करने और आवश्यक सहायता के लिए बमाको में दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी है.

मंत्रालय ने कहा कि वह भारतीयों को हर संभव सहायता देता रहेगा और अपहृत भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!