यमुना एक्सप्रेसवे पर पलट गई डबल डेकर बस, मच गई चीख-पुकार, 100 यात्रियों…..

bus double decker overturns on yamuna expressway (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

यमुना एक्सप्रेसवे पर पलट गई डबल डेकर बस, मच गई चीख-पुकार, 100 यात्रियों…..

 

मथुरा | यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. यह हादसा थाना नौहझील क्षेत्र में माइलस्टोन 76 के पास शाम करीब 7:36 बजे हुआ. बस में लगभग 100 यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस (नंबर बीआर02पीसी2291) नोएडा से दरभंगा की ओर जा रही थी. जैसे ही बस नौहझील क्षेत्र में पहुंची, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री चीखने-चिल्लाने लगे.

सूचना मिलते ही पुलिस और पीआरवी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. बस के दरवाजे जाम हो जाने के कारण यात्री अंदर फंस गए थे. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं है. उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहझील में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया.

इस घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया था. हालांकि बस पलटने के बाद भी किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

हादसे के कारण एक्सप्रेसवे की एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस प्रशासन ने तुरंत क्रेन मंगवाकर बस को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को फिर से सामान्य किया जा सका.

पुलिस के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है. समय पर मिली सूचना और पुलिस की तेजी से कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!